सहारनपुर : सहारनपुर में रास्ते पर गाड़ी खड़ी करने को लेकर बस और कार सवार में झड़प हो गई। कार सवार युवक ने रास्ते से बस हटाने को कहा। आरोप है कि गुस्से में बस के ड्राइवर और क्लीनर ने उसकी गाड़ी के सामने बस खड़ी कर दी। गाली देते हुए कार से बाप और उसके दो बेटों को खींचकर डिपो ले गए। गेट बंद कर दिया। उसके बाद बाप-बेटों को जमीन पर धक्का देकर गिरा दिया। दोनों खुद को छोड़ने के लिए गुहार लगाने लगे। लेकिन उन्होंने नहीं छोड़ा। जमीन पर घसीट-घसीटकर पीटा।
शोर सुनकर आधे घंटे बाद डिपो पहुंचे। गेट का ताला खुलवाकर दोनों को बाहर निकलवाया। उसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आरोपी बस ड्राइवर और क्लीनर को पकड़कर पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। घटना गुरुवार को थाना फतेहपुर क्षेत्र की है।

सोनू सैनी का आरोप है- बस ड्राइवर और उसके साथियों ने उन्हें और बेटों को लाठी-डंडों से मारा है।

सोनू और दोनों बेटों ने रोडवेज कर्मचारियों से छोड़ने की गुहार लगाई लेकिन उन्होंने नहीं छोड़ा।
बेटों के साथ खरीदारी करने पहुंचे थे
सोनू सैनी छुटमलपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया- वह आज सुबह में अपने बेटों हर्ष सैनी और मुकुल सैनी के साथ सहारनपुर के पंजाबी मार्केट में खरीदारी करने आए थे। कार बेटा चला रहा था। उसने शनिदेव मंदिर के पास कार खड़ी की थी। इसी दौरान एक रोडवेज बस ने उनकी कार में साइड से टक्कर मार दी। उसके बाद रास्ते पर गाड़ी खड़ी कर दी।

बस डिपो पर चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर देखने के लिए भीड़ लग गई।
बस ड्राइवर ने साथियों संग मिलकर बाप-बेटों को पीटा
सोनू सैनी और उनके बेटों ने जब विरोध किया तो बस ड्राइवर और क्लीनर गाली देने लगे। कहासुनी बहस में तब्दील हो गई। इसके बाद बस ड्राइवर और क्लीनर गाड़ी से उतरकर उनके पास पहुंच गए। उनके साथ कुछ साथी भी थे। वे तीनों को खींचकर डिपो ले गया। आरोप है कि वहां पर उन्हें लाठी-डंडों से पीटा।
शोर सुनकर लोग पहुंचे तब जाकर बची जान
सोनू सैनी का आरोप है कि आधे घंटे से अधिक देर तक उनकी पिटाई की गई। वे दर्द से काफी देर तक तक चिल्लाते रहे। उनकी आवाज सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने डिपो के गेट का दरवाजा खुलवाया। उसके बाद तीनों को रोडवेज कर्मियों से छुड़ाकर बाहर ले आए।उसके बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई
थोड़ी ही देर में पुलिस पहुंच गई। लोगों से घटना की जानकारी ली। घायल बाप -बेटों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया। उसके बाद आरोपी ड्राइवर और क्लीनर को पकड़कर थाने लेकर आई। वहां पर उनसे पूछताछ की जा रही है।

