मथुरा/बलदेव : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लाभार्थियों को पहली किश्त जारी की। लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में धनराशि हस्तांतरित की।
इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मथुरा के किसान भवन, वेटनरी कॉलेज परिसर में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लाभार्थी और अधिकारी मौजूद रहे।
मथुरा में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश और बलदेव विधायक पूरन प्रकाश सहित कई जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।


लाभार्थियों ने सजीव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन देखा और सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति बेघर न रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना को गरीब और मध्यम वर्ग के लिए वरदान बताया।
मुख्यमंत्री के सिंगल क्लिक करते ही पहली किश्त की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच गई। इससे लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि अब वे अपने सपनों का घर बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि मथुरा जनपद में इस योजना का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आवास निर्माण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित कराया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने लाभार्थियों को आवास निर्माण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

