मथुरा : मथुरा बार एसोसिएशन के हुए चुनाव में शनिवार देर रात तक चली मतगणना के बाद आये परिणामों में राघवेंद्र सिंह अध्यक्ष जबकि मनोज शर्मा सचिव चुने गए। बार चुनाव के लिए हुए मत पत्रों की गिनती में 15 घंटे से ज्यादा का समय लगा। परिणाम आने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गयी। समर्थकों ने अपने विजयी प्रत्याशियों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया।
बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने वाले राघवेंद्र सिंह ने पहले राउंड से बढ़त बनाए रखी। राघवेंद्र सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी त्रिलोक चंद्र शर्मा को 111 मतों से शिकस्त दी। राघवेंद्र सिंह को 1171 मत मिले वहीं त्रिलोक चंद्र शर्मा को 1060 मत मिले। इसके अलावा अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने वाले कृष्ण कुमार चौधरी को 44,राजकुमार उपाध्याय को 785 जबकि प्रहलाद सिंह तरकर को 241 वोट मिले।

राघवेंद्र सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी त्रिलोक चंद्र शर्मा को 111 वोटों से हराया।
राजकुमार उपाध्याय बने उपाध्यक्ष
बार के चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर राजकुमार उपाध्याय विजयी हुए। उनको 1409 मत मिले,उन्होंने श्री बल्लभ शर्मा को हराया। श्री बल्लभ शर्मा को 854 जबकि देवेंद्र सिंह इंसान को 824 मत मिले। इसके अलावा संयुक्त सचिव पद पर सुरेंद्र शर्मा ने जीत हासिल की। सुरेंद्र शर्मा को 920 वोट मिले। उन्होंने सुशील सागर को 404 वोटों से हराया। ऑडिटर पद पर देवकी नंदन शर्मा और कोषाध्यक्ष पद पर विनोद शर्मा ने जीत हासिल की।

समर्थकों ने जीत के बाद अपने उम्मीदवारों को माला पहनाई।
मनोज शर्मा ने सचिव पर अटल बिहारी को हराया
बार एसोसिएशन में अध्यक्ष के बाद दूसरा महत्वपूर्ण पद सचिव का होता है। सचिव पद पर इस बार 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। लेकिन शनिवार देर रात आए परिणाम में मनोज शर्मा ने अटल बिहारी उर्फ अटल फौजदार को शिकस्त दी। मनोज शर्मा ने 1013 वोट हासिल किए वहीं अटल बिहारी को 708 वोट मिले। इसके अलावा गोपाल प्रसाद शर्मा को 697 मत मिले।

राघवेंद्र सिंह को 1171 मत मिले वहीं त्रिलोक चंद्र शर्मा को 1060 मत मिले
समर्थकों ने पहनाए फूल माला
बार एसोसिएशन के देर रात 12 बजे करीब जैसे ही परिणाम आए कचहरी परिसर ढोल की आवाज से गूंज उठा। चुनाव अधिकारी और पूर्व अध्यक्ष प्रदीप शर्मा ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिया। जिसके बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थक खुशी से झूम उठे। समर्थकों ने जीत हासिल करने वाले प्रत्याशियों को फूल मालाओं से लाद दिया। नव नियुक्त अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि वह सभी एडवोकेट को साथ लेकर काम करेंगे।

