- यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में एक युवक की प्रेम प्रसंग में हत्या कर दी गई, युवक का एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग था
मुजफ्फरनगर: जिले के भोपा थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शाहदरा बांगर गांव में सोमवार रात 27 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक का गांव की ही एक विवाहित महिला से संबंध था, जिसके चलते महिला के परिजन रंजिश रख रहे थे। इसी मामले में युवक की हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक महिला ने पहले ही आत्महत्या कर ली है, जिसके बाद से रंजिश और अधिक बढ़ गई थी।
भागते समय मारी गोली
वहीं मृतक की पहचान अक्षय के रूप में हुई है, जो सोमवार रात अपने खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही मनोज कुमार, उसके पुत्र युवांक और भतीजे वरध ने उसे घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले धारदार हथियारों से अक्षय पर ताबड़तोड़ हमला किया और जब वह जान बचाकर भागने लगा तो उसे गोली मार दी। गोली लगने के बाद अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रेम प्रसंग में हत्या
वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। मृतक के परिजनों के अनुसार, अक्षय का एक विवाहित महिला से प्रेम संबंध था। कुछ महीने पहले महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से उसके परिजन अक्षय से रंजिश रखने लगे थे।
परिजनों ने की न्याय की मांग
परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस हत्या को अंजाम दिया है। मृतक के भाई ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। वहीं, एसपी ग्रामीण आदित्य बंसल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात सामने आई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


