मथुरा : जनपद के बलदेव कस्बे में वर्षों से चली आ रही बदहाल विद्युत व्यवस्था को लेकर अब स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। क्षेत्रवासियों ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के निजी ‘तेज पोर्टल’ पर एसई देहात और चीफ इंजीनियर के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में स्थानीय लोगों—सुधीर अग्रवाल, ज्ञानेंद्र पांडेय, मुकेश अग्रवाल और सौरभ—ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि बीते तीन वर्षों में एक भी दिन ऐसा नहीं रहा जब एसई देहात या चीफ इंजीनियर ने क्षेत्र में आकर विद्युत समस्याओं को जानने के लिए निरीक्षण किया हो।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि लगातार शिकायतों और अवगत कराने के बावजूद उच्चाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। गर्मियों के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। दिनभर में कई बार बिजली गुल होना आम बात बन चुकी है, रात्रि में भी स्थिति और भी भयावह है, लेकिन इसका सही रिकॉर्ड तक नहीं रखा जाता।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी समस्या उठाई जाती है, तो अधिकारी आरडीएसएस (Revamped Distribution Sector Scheme) के कार्यों का हवाला देकर जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं। जबकि हकीकत यह है कि क्षेत्र में कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी की कमी के कारण हालात बिगड़े हुए हैं।
बिजली संकट के कारण जल आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। घरों में पानी की किल्लत गहरा गई है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण गर्मी में लोग रातभर जागने को मजबूर हैं, क्योंकि बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं है।
‘तेज पोर्टल’ पर दर्ज शिकायत में ऊर्जा मंत्री से मांग की गई है कि वे स्वयं इस मामले में संज्ञान लें, संबंधित अधिकारियों को तत्काल क्षेत्र का निरीक्षण करने के निर्देश दें और वर्षों से लापरवाही बरत रहे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस बार उच्च स्तर पर शिकायत पहुंचने के बाद बलदेव की जटिल विद्युत समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा और क्षेत्रवासियों को राहत मिल सकेगी।

