Breaking
Thu. Apr 30th, 2026

यमुनानगर में UP पुलिस के कांस्टेबल पर हमला:पत्नी को लेने ससुराल आया था, गांव के युवक ने फाड़ी वर्दी; मोबाइल तोड़ा

यमुनानगर : यमुनानगर जिले के ससोली माजरी गांव में अपनी ससुराल आए यूपी पुलिस के एक कांस्टेबल के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मी अपनी पत्नी और साली के साथ जा रहा था, तभी गांव के ही एक युवक ने मामूली बात को लेकर उसके साथ झगड़ा कर लिया।

बताया जा रहा है कि कांस्टेबल उस समय वर्दी में था। आरोप है कि युवक ने मारपीट करने के साथ-साथ उसकी वर्दी भी फाड़ दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी फर्कपुर थाना पुलिस को दी गई। पीड़ित की पत्नी ने थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामले की जानकारी देतीं कांस्टेबल की पत्नी पूजा।

मामले की जानकारी देतीं कांस्टेबल की पत्नी पूजा।

कांस्टेबल की पत्नी पूजा ने बताया कि उसके पति राहुल यूपी पुलिस में कांस्टेबल हैं और उनकी पोस्टिंग हापुड़ जिले में है। वह कुछ दिन पहले अपने मायके ससोली माजरी आई थी। उसे वापस ले जाने के लिए उसके पति बुधवार को यमुनानगर आए थे और उस समय वे वर्दी में थे।

रात करीब 11 बजे उन्हें रेलवे स्टेशन से यूपी जाने के लिए ट्रेन पकड़नी थी। इससे पहले रात करीब साढ़े 9 बजे वह अपनी बहन और भाभियों के साथ गली से गुजरते हुए आपस में बातचीत कर रही थी। इस दौरान उसके पति राहुल भी उनके साथ थे। तभी गांव का एक युवक वैभव उर्फ जोनी वहां आया और कहने लगा कि आराम से बात करते चलो।

कांस्टेबल की पत्नी से आरोपी बोला- थप्पड़ मार दूंगा

जब उन्होंने आरोपी से कहा कि वे केवल आपस में बात कर रहे हैं और उसे बीच में बोलने का कोई अधिकार नहीं है, तो आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि ज्यादा बोलने पर थप्पड़ मार देगा। इसी दौरान उसके पति बीच-बचाव करने आए और आरोपी को शांत रहने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने उन पर हमला कर दिया।

आरोप है कि आरोपी ने मारपीट करते हुए ईंट भी उठा ली और इस दौरान राहुल का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। हाथापाई के दौरान उसकी पुलिस वर्दी भी फाड़ दी गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी प्रवेश ने बताया कि आरोपी वहां से फरार हो चुका था। मामले की सूचना फर्कपुर थाना पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

फर्कपुर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्हें कांस्टेबल की पत्नी की शिकायत प्राप्त हुई है, जिस पर कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में सामने आया है कि यूपी पुलिस का कांस्टेबल बुधवार को ड्यूटी से सीधे अपनी पत्नी को लेने के लिए यमुनानगर आया था और वह वर्दी में था, उसे रात को ही वापस जाना था। इसी दौरान गांव के ही युवक ने उसके साथ झगड़ा किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *