- प्रतीक यादव के निधन के बाद उनके स्टाइलिश लाइफस्टाइल की चर्चा भी हो रही है, फिटनेस फ्रीक प्रतीक को महंगी कारों का भी शौक था
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह के छोटे बेटे और BJP नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आज (बुधवार को) निधन हो गया। दुनिया से जाने के बाद उनकी पर्सनल लाइफ की चर्चा भी खूब हो रही है। यूपी के बड़े सियासी परिवार से नाता रखने के बावजूद प्रतीक यादव ने हमेशा लाइमलाइट से दूरी ही बनाकर रखी। हालांकि, अपने सोशल मीडिया पर प्रतीक यादव अक्सर अपनी तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहते थे। तस्वीरों में प्रतीक कभी कार चलाते हुए दिखते थे तो कभी जिम में एक्सरसाइज कर पसीना बहाते नजर आते। फिटनेस फ्रीक होने के साथ ही प्रतीक यादव, रियल एस्टेट का बिजनेस करते थे। प्रतीक कई बार महंगी कारों के साथ भी देखे गए, जो खबरें चर्चा का विषय बनीं। आइए इस आर्टिकल में जानते हैं कि प्रतीक यादव का लाइफस्टाइल कैसा था।
महंगी कारों के शौक वाले प्रतीक यादव थे फिटनेस फ्रीक
बताया जाता है कि प्रतीक यादव, नियमित तौर पर वेट ट्रेनिंग, स्ट्रेंथ एक्सरसाइज और कार्डियो करते थे। बॉडी बिल्डिंग के शौकीन प्रतीक, लखनऊ में अपना जिम भी चलाते थे। जिम के सिवा, प्रतीक यादव को लग्जरी गाड़ियों और कार रेसिंग का भी शौक था। स्पीड और एडवेंचर को वह काफी पसंद करते थे। प्रतीक यादव कई बार हाई-परफॉर्मेंस कारों के साथ नजर आए। वह कई मौकों पर ट्रैक पर हाई स्पीड कार में सवार होकर अपनी ड्राइविंग स्किल्स को आजमाते दिखे। प्रतीक के पास लैम्बॉर्गिनी कार भी थी, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जाती थी।
स्टाइलिश टैटू बनवाना पसंद करते थे प्रतीक यादव
प्रतीक यादव को अपनी बॉडी पर टैटू बनवाना भी काफी पसंद था। उनके बॉडी पर मौजूद स्टाइलिश टैटू उनकी पर्सनैलिटी को और दमदार बनाते थे। उन्होंने कई बार अपना टैटू दिखाते हुए सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर की थीं।
बेजुबानों से भी प्रतीक को था खासा लगाव
बताया जाता है कि जानवरों से भी प्रतीक यादव को खासा लगाव था। अपने सोशल मीडिया पर प्रतीक यादव अक्सर अपने पालतू डॉग्स और दूसरे अन्य बेजुबानों के साथ फोटो साझा करते रहते थे। कभी वह कुत्तों के साथ खेलते हुए, तो कभी गाय के बछड़े को दुलारते नजर आते थे।
प्रतीक यादव कई मौकों पर एनिमल वेलफेयर से जुड़े मुद्दों को भी समर्थन देते हुए दिखाई दिए थे।

