भरतपुर : भरतपुर में अपने ही मोहल्ले में रहने वाले दोस्तों को नशा सप्लाई करने से युवक ने मना किया तो दोस्त उसके घर आ पहुंचे और पथराव कर दिया। इस दौरान मां ने दरवाजा खोल पथराव के लिए मना किया तो बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया। सिर दीवार में जा लगा और युवक की 53 साल की मां की इलाज के दौरान मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि बदमाश युवक पर गांजा सप्लाई करने में साथ देने का दबाव बना रहे थे।
मामला मथुरागेट थाने के पटपरा मोहल्ले का रात 12 बजे का है।
एडिशनल एसपी धर्मेंद्र यादव ने बताया- रात को सूचना मिली थी कि पटपरा मोहल्ला में झगड़ा हो रहा है। इस मामले में एक महिला सुशीला (55) की मौत हुई है। परिजनों ने शिकायत दी है। मामले की जांच की जा रही है।
आरोप- अवैध धंधों में साथ देने का दबाव बना रहा था
बड़े बेटे राधारमण बताया- देर रात बदमाशों ने घर पर पथराव किया था। इससे उनकी मां सुशीला देवी (55) की दीवार में सिर लगने से मौत हो गई।
राधारमण ने बताया- छोटे भाई जीतू का एक दोस्त सुनीत है। वह सट्टे, अवैध गांजा बिक्री सहित कई अवैध काम करता है। सुनीत मेरे छोटे भाई जीतू पर अवैध काम करने का दबाव बना रहा था। जीतू उसे लगातार अवैध काम करने की मना कर रहा था। इसलिए सुनीत जीतू से रंजिश रखता था।

परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले के युवकों ने घर पर पत्थरबाजी की थी।
देर रात घर पर आए थे
राधारमण ने बताया- कल रात (रविवार) करीब 12 बजे सुनीत अपने साथियों पुष्पेंद्र, राजू, देवो और एक अन्य साथी के साथ घर पर आया। घर के बाहर आकर जीतू को गालियां देने लगा। जब घर से कोई बाहर नहीं आया तो, सुनीत और उसके साथियों ने घर पर पथराव कर दिया। तभी मां सुशीला देवी (55) ने घर का गेट खोला और, सुनीत और उसके साथियों को पथराव करने से मना किया।
पथराव करने से रोका तो धक्का मारा
राधारमण ने बताया- तभी सुनीत और उसके साथियों ने मां को जोर से धक्का मारा। उनका सिर दीवार पर जाकर लगा और वह जमीन पर गिर गई। शोर की आवाज सुनकर सुशीला देवी के बेटे राधारमण, जीतू, आकाश, गुड्डू और पति राजेंद्र घर से बाहर आये। उन्होंने सुनीत और उसके साथियों को रोकने की कोशिश की। इस दौरान सुनीत और उसके साथी कार में बैठे थे।
परिजनों को कुचलने की कोशिश
राधारमण ने बताया- सुनीत ने मुझे, पिता को और छोटे भाई जीतू को कुचलने की कोशिश की। बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। इसके बाद मां को लेकर देर रात ही आरबीएम अस्पताल पहुंचे। जहां ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

