Breaking
Tue. Jun 16th, 2026

संगम नगरी में खौफनाक वारदात, एक ही परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतारा

  • प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई, मृतकों में 70 साल के श्यामलाल, उनकी पत्नी मंजू देवी और श्यामलाल की भाभी शामिल हैं

प्रयागराज : प्रयागराज के यमुनानगर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के तीन लोगों के खून से लथपथ शव उनके घर के बाहर पड़े मिले। शांत गांव की सुबह चीख-पुकार और अफरातफरी में बदल गई। घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।

मामला मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव का है, जहां 70 साल के श्यामलाल उर्फ कल्लू, उनकी पत्नी मंजू देवी और कल्लू की भाभी की निर्मम हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों की हत्या सिर पर ईंट या पत्थर से वार कर की गई। वारदात को देर रात उस समय अंजाम दिया गया, जब तीनों अपने कच्चे मकान में सो रहे थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने घर के दरवाजे के पास शव पड़े देखे तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फील्ड यूनिट को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है। शुरुआती पड़ताल में लूटपाट की आशंका कम नजर आ रही है, क्योंकि घर से किसी सामान के गायब होने की जानकारी नहीं मिली है।

हत्याकांड की वजह अब तक नहीं पता

जांच के दौरान एक और तथ्य सामने आया है। बताया जा रहा है कि परिवार की एक युवती करीब एक माह पहले घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से परिवार में विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच के दायरे में रखे हुए है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी।

वारदात की सूचना पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा, डीसीपी गंगानगर विवेक चंद्र यादव और एसीपी मेजा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड के पीछे की सच्चाई सामने लाने के लिए हर संभावित एंगल पर जांच की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही इस सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *