Breaking
Sun. Jun 28th, 2026

राममंदिर चढ़ावा चोरी- 8 आरोपियों के घर पुलिस की छापेमारी:एक साथ दबिश डाली; टिन्नू के घर ताला पड़ा था, पड़ोसियों से पूछताछ

अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद 8 आरोपियों के घर पर रविवार सुबह 7 बजे पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की 8 टीमों ने एक साथ, एक ही वक्त पर आरोपियों के घर पर दबिश दी। इस दौरान 3-4 आरोपियों के घर पर ताला लगा था। पुलिस ने पड़ोसियों से सवाल-जवाब किए। बाकी आरोपियों के परिवार के लोगों से पूछताछ की।

छापेमारी के दौरान रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर ताला लगा मिला। कुछ देर बाद टिन्नू की मां मौके पर पहुंची और ताला खोला। पुलिस टिन्नू के घर से थोड़ी दूरी पर भतीजे आरोपी मनीष यादव के घर पहुंची तो वहां भी ताला लगा था। वहीं, तीसरे आरोपी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर पर भी कोई नहीं मिला। बाहर ताला लगा था।

आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। अंदर छापेमारी चल रही है। खरीदी गई संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाली जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। छापेमारी में राजस्व अधिकारियों खासकर लेखपालों को शामिल किया गया है।

दरअसल, 25 जून को मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर दर्ज पहली FIR के बाद टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। 26 जून को सीजेएम कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन के लिए जेल भेज दिया। इस बीच, शनिवार को श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट ने चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे की पुष्टि कर दी थी।

SIT ने 23 जून को रिपोर्ट सौंपी, 2 दिन बाद गिरफ्तारी

चोरी का मामला 7 जून को सामने आया। यूपी सरकार ने 13 जून को SIT बनाई। SIT ने 23 जून को एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (गृह) संजय प्रसाद को प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी। 25 जून को ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पहली FIR दर्ज हुई। इसमें रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत 8 को नामजद किया गया। इस बीच, शुक्रवार को मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया।

आरोपियों के घर पुलिस की छापेमारी में क्या-क्या हुआ?

  1. रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू: पुलिस की एक टीम ने राम मंदिर से 2 किमी दूर स्वर्गद्वार मोहल्ले में टिन्नू के दो मंजिला मकान पर छापेमारी की। दरवाजे पर ताला लगा था। थोड़ी देर बाद टिन्नू की मां पहुंचीं और ताला खोला। पुलिस ने उनसे पूछताछ की।
  2. मनीष यादव: टिन्नू के घर से कुछ ही दूरी पर स्वर्गद्वार मोहल्ले में ही भतीजे मनीष यादव के घर पर भी पुलिस ने दबिश दी। वहां भी ताला लगा हुआ मिला। दो मंजिला मकान में रह रहे किराएदारों से पुलिस ने मनीष के बारे में सवाल किए।
  3. लवकुश मिश्रा: आरोपी लवकुश मिश्रा के रुदौली स्थित घर के बाहर स्थानीय पुलिस ने डेरा डाल रखा है। घर के बाहर लवकुश के दादा जगदंबा मिश्रा (72) बैठे हैं। उनसे पूछताछ हो रही है। बाकी परिवार अंदर है।
  4. सुभाष चंद्र श्रीवास्तव: आरोपी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर अंजनीपुरम में पुलिस टीम ने छापेमारी की। घर पर ताला लगा मिला। पड़ोसियों से बातचीत की। सुभाष की संपत्ति और लाइफस्टाइल के बारे में जानकारी जुटाई।
  5. अनुकल्प मिश्रा: कौशलपुरी में आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर पर पुलिस पहुंची तो मां ने दरवाजा खोला। 3 पुलिसवाले घर के अंदर गए, परिवार वालों से पूछताछ की। 2 पुलिसकर्मियों ने घर के बाहर पड़ोसियों से सवाल किए।
  6. अविनाश शुक्ला: कौशलपुरी में ही अविनाश शुक्ला के घर पर पुलिस को कोई नहीं मिला। पास में किराना स्टोर चलाने वाले राहुल कुमार ने पुलिस को बताया- अविनाश किराए पर रहते हैं। योगा सेंटर से जुड़े हुए थे। घर कहीं गांव में है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *