हिसार : हरियाणा में आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। हिसार, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, भिवानी, गुरुग्राम और सिरसा के डबवाली में बारिश हुई। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में रात में भारी बारिश हुई, जिससे हालात विकट हो गए।
रोहतक के मॉडल टाउन, कृष्णा कॉलोनी में सड़क पर 3 फुट पानी जमा है। यहां महिला की स्कूटी बंद हो गई, जिसे वह खींच कर ले जाती दिखीं। पूर्व मंत्री सुभाष बतरा के घर के पास वाली गली में भी पानी भर गया। इसके अलावा फरीदाबाद ग्रीन फील्ड इलाके में खाली पड़े प्लॉट में पानी जमा होने के कारण दीवार टूट गई। इससे पानी दयालबाग इलाके के मकानों में चला गया।
वहीं, फतेहाबाद जिले के गांव दहमन में बारिश की वजह से ग्रामीण जिले सिंह के मकान की कच्ची छत गिर गई। इससे जिले सिंह की पत्नी कमला और बेटा रामदिया दोनों मकान के अंदर ही दब गए। ग्रामीणों ने दोनों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
गुरुग्राम के धनवापुर रोड पर जलभराव हो गया। इसमें युवकों की बाइक बंद पड़ गई। इसके बाद युवक बाइक को कंधे पर उठाकर ले गए। झज्जर में रातभर हुई भारी बारिश में रेवाड़ी रोड स्थित जलघर की मुख्य दीवार टूट गई। बरसाती पानी जलघर परिसर में घुस गया। हिसार के पीएलए एरिया में भी सड़कों पर जलभराव है।
तस्वीरें

फतेहाबाद जिले के गांव दहमन में बारिश की वजह से ग्रामीण जिले सिंह के मकान की कच्ची छत गिर गई।

फरीदाबाद में मेवला महाराजपुर अंडरपास में भरा पानी। प्रशासन ने इसे बंद कर दिया है, लेकिन लोग पैदल ही इसे पार कर रहे है।

रोहतक के मॉडल टाउन में बरसाती पानी में महिला की स्कूटी बंद हो गई।

रोहतक की कृष्णा कॉलोनी में घर में भरा पानी।

रोहतक के मॉडल टाउन में जलभराव के बीच युवक की बाइक बंद हो गई। इसी जलभराव के बीच होकर जाते बाइक और स्कूटी सवार।

रोहतक के मॉडल टाउन में डबल पार्क के पास भरा पानी।

झज्जर में बरसाती पानी के बीच कांवड़ियों की आस्था जारी। सड़क पर हुए जलभराव से निकलते हुए कांवड़िए।

फरीदाबाद के सेक्टर-21C और सेक्टर-16A में बारिश का पानी लोगों के घरों के अंदर तक घुस गया।
दस जिलों के लिए रेड और आठ में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग (IMD) चंडीगढ़ केंद्र की ओर से आज पूरे पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दस जिलों गुरुग्राम, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, जींद, सोनीपत और पानीपत में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, करनाल, यमुनानगर, कैथल, सिरसा, कुरुक्षेत्र और अंबाला में ऑरेंज यानी मध्यम बारिश और पंचकुला में यलो अलर्ट यानी हल्की बारिश हो सकती है।
शुक्रवार को बारिश से कहां-कहां बिगड़े हालात…
- अंडरपास में फंसी फॉर्च्यूनर, शीशा तोड़कर जान बचाई : शुक्रवार शाम ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास में 25 से 30 फीट तक पानी भर गया। चेतावनी के बावजूद करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग अपनी फॉर्च्यूनर कार लेकर पानी में उतर गया और फंस गया। एक युवक ने जान जोखिम में डालकर उसे बाहर निकाला। बुजुर्ग ड्राइवर को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- बारिश के बीच फंस गए स्कूली बच्चे : भारी बारिश के दौरान धनवापुर रोड स्थित फुटप्रिंट्स स्कूल में फंसे बच्चों और टीचरों को टीम एमसीजी ने सुरक्षित बाहर निकालकर उनके अभिभावकों तक पहुंचाया। इस राहत कार्य का नेतृत्व अतिरिक्त निगमायुक्त कुशल कटारिया ने किया। सफाई निरीक्षक भूपेंद्र कुमार एवं टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
- बिजली निगम ने जारी की एडवाइजरी : बारिश के बीच बिजली निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आमजन से विशेष सावधानी बरतने और विद्युत लाइनों एवं उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। बिजली संबंधी समस्या की सूचना तुरंत 1912 या 1800-180-4334 पर दें। इसके अलावा संभावित विद्युत खतरे की सूचना वॉट्सएप नंबर 9050960500 पर दें सकते हैं।

