मथुरा : पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए मथुरा प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने शनिवार सुबह 11 बजे अधिकारियों के साथ बैठक कर यमुना के जलस्तर और बाढ़ की आशंका की समीक्षा की।
डीएम ने अधिकारियों को यमुना के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। नदी किनारे बसे गांवों में राजस्व और प्रशासन की टीमें सक्रिय रहेंगी। जलस्तर में ज्यादा बढ़ोतरी होने पर तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया है।
NDRF और गोताखोर अलर्ट
संभावित बाढ़ से निपटने के लिए NDRF, गोताखोर, सिंचाई, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें अलर्ट पर हैं। राहत और बचाव में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों को भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों को नदी के पास जाने से रोकेंगे
प्रशासन ने यमुना किनारे रहने वाले लोगों को सावधान रहने की अपील की है। लोगों को नदी के पास नहीं जाने और बच्चों व पशुओं को भी नदी से दूर रखने के लिए जागरूक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी भी रखने को कहा गया है।
पिछले साल की बाढ़ से लिया सबक
प्रशासन की नजर उन इलाकों पर ज्यादा है, जहां पिछले साल यमुना की बाढ़ से जलभराव और नुकसान हुआ था। पिछले अनुभव को देखते हुए इस बार राहत और बचाव की तैयारियां पहले से शुरू कर दी गई हैं।

