Breaking
Sat. Aug 8th, 2026

सीएम योगी बोले- शिवरात्रि तक जारी रहेगी पुष्पवर्षा:मेरठ में कांवड़ियों पर बरसाए फूल, हर तरफ गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

मेरठ : मेरठ में शनिवार को कांवड़ यात्रा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। सीएम को मंच पर देखते ही कांवड़ियों में जोश भर गया और पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री करीब 24 मिनट तक मंच पर रहे और कतारबद्ध होकर गुजर रहे कांवड़ियों और झांकियों पर लगातार फूल बरसाते रहे। उन्हें देखने और मोबाइल में तस्वीर कैद करने के लिए शिवभक्तों में उत्साह नजर आया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि तक कांवड़ मार्ग पर पुष्प वर्षा जारी रहेगी और सरकार की प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षित व सुगम यात्रा है।

पुष्प वर्षा के दौरान मंच के सामने नाचते शिवभक्त।

पुष्प वर्षा के दौरान मंच के सामने नाचते शिवभक्त।

गाजियाबाद से हरिद्वार तक दिखा आस्था का सैलाब

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लाखों की संख्या में शिवभक्त हर की पौड़ी से गंगाजल उठाकर रास्ते में पड़ने वाले शिवालयों में जलाभिषेक करते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।

कांवड़ियों के समर्पण और उनके उत्साह की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है। गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच दिखाई दे रहा शिवभक्तों का सैलाब इस बात का प्रमाण है कि इस बार शिवरात्रि पर करीब साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद अधिकारीगण।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद अधिकारीगण।

सीएम बोले- मुजफ्फरनगर में उमड़ा सैलाब

मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरनगर में बिताए पलों का भी जिक्र किया। बताया कि शिवचौक पर कांवड़ यात्रियों का सैलाब उमड़ा हुआ है। इसके बाद मेरठ में शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा करने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि मेरठ का बाबा औघड़नाथ मंदिर, बागपत का पुरा महादेव मंदिर और गाजियाबाद का दुग्धेश्वरनाथ मंदिर शिवभक्तों की आस्था, समर्पण और एकता के बड़े उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री ने मंच से तो अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की।

मुख्यमंत्री ने मंच से तो अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की।

दिल्ली-हरियाणा समेत कई राज्यों से पहुंचे शिवभक्त

योगी ने कहा कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रा में शामिल हुए हैं। इन श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था और समर्पण से कांवड़ यात्रा को भव्य बना दिया है।

इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी अपने आप में गौरवान्वित करने वाला पल है। मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन और मेरठ में पुष्प वर्षा कार्यक्रम की निर्विघ्न व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने शिवभक्तों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा भी दिलाया।

सड़क पर दूर दूर तक लोगों की भीड़ जमा थी।

सड़क पर दूर दूर तक लोगों की भीड़ जमा थी।

शिवरात्रि तक जारी रहेगी पुष्प वर्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन ने हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कर दी है। शिवरात्रि तक कांवड़ मार्ग पर लगातार पुष्प वर्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता शिवभक्तों की सुरक्षित और सुगम यात्रा है। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी से जुटे हैं।

सीएम को देखते ही बदल गया माहौल

मुख्यमंत्री के मंच पर पहुंचते ही कांवड़ियों में अलग ही उत्साह देखने को मिला। कुछ शिवभक्तों ने जयकारे लगाने शुरू कर दिए तो मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। भीड़ में मौजूद लोग मोबाइल निकालकर मुख्यमंत्री की तस्वीर और वीडियो बनाने लगे।

मंच के सामने से गुजर रहे कांवड़ियों में भी मुख्यमंत्री को देखने और मोबाइल में उनकी तस्वीर कैद करने की होड़ दिखाई दी। करीब 24 मिनट तक मुख्यमंत्री मंच पर रहे और इस दौरान लगातार कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *