नई दिल्ली/कोलकाता : कांग्रेस ने शनिवार को बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के बयान पर तंज कसा। कांग्रेस प्रवक्ता नेता पवन खेड़ा कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के लिए पद्म भूषण बहुत छोटी चीज है। उन्हें प्रधानमंत्री बना देना चाहिए। जो दूसरों को पीएम बना सकता है, उसे खुद पीएम बनना चाहिए।
दरअसल, समिक भट्टाचार्य ने एक दिन पहले कहा था कि ज्ञानेश कुमार ने बंगाल में हिंसा मुक्त विधानसभा चुनाव कराने और मतदाता सूची को साफ करने में अहम भूमिका निभाई। इस काम के लिए वह कम से कम पद्म भूषण के हकदार हैं।
भट्टाचार्य ने कहा था- बंगाल में लोगों ने बिना डरे वोट किया
समिक भट्टाचार्य ने शुक्रवार को उत्तर 24 परगना के पानीहाटी में कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने लंबे समय बाद ऐसा चुनाव देखा, जिसमें डर का माहौल नहीं था। उनके मुताबिक, लोगों को वोट डालने का मौका मिला और चुनाव के दौरान हत्या की घटनाएं नहीं हुईं।
भट्टाचार्य ने दावा किया कि ज्ञानेश कुमार ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण में अहम पहल की। सीमा से लगे राज्य पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाए गए। बंगाल की जनता ज्ञानेश कुमार के काम से खुश है।
समिक भट्टाचार्य के बयान पर विपक्षी नेताओं का पलटवार
शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा-

समिक भट्टाचार्य जैसे परिपक्व नेता से इस तरह की टिप्पणी की उम्मीद नहीं थी। हो सकता है कि पश्चिम बंगाल में BJP की बड़ी जीत के बाद वह विशेष तौर पर धन्यवाद कहना चाहते हों।
RJD सांसद मनोज झा ने भट्टाचार्य के बयान पर तंज कसते हुए कहा-

मैं उनकी बुद्धिमत्ता को नमन करता हूं। चोरी-डकैती के आरोपों के सबूतों के बीच ऐसी सोच के लिए समिक को सबसे पहले भारत रत्न मिलना चाहिए। उसके बाद ही किसी और के बारे में सोचा जाना चाहिए।

बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ममता बनर्जी और एमए बेबी के बीच 30 साल बाद फोन पर बात
इधर, ज्ञानेश कुमार को लेकर विवाद के बीच पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और CPI(M) महासचिव एमए बेबी ने फोन पर बात की। करीब तीन दशक में दोनों के बीच यह पहली सीधी बातचीत बताई जा रही है।
दरअसल, एमए बेबी ने 23 सितंबर को गैर-NDA दलों को लेटर लिखकर चुनाव आयोग और SIR के मुद्दे पर विपक्षी दलों की बैठक बुलाने की अपील की थी। इसमें DMK, TVK, BRS, BJD और AAP जैसे I.N.D.I.A. ब्लॉक से बाहर के दलों को भी शामिल किया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, ममता ने पहले बेबी के लेटर का जवाब दिया और फिर उनसे फोन पर बात की। उन्होंने राहुल गांधी के साथ हुई अपनी बातचीत का भी जिक्र किया और I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक जल्द बुलाने की जरूरत बताई।
CPI(M) और TMC पश्चिम बंगाल की राजनीति में लंबे समय से एक-दूसरे के विरोधी रहे हैं। दोनों दल I.N.D.I.A. ब्लॉक में साथ हैं, लेकिन राज्य में राजनीतिक मतभेदों के कारण ममता और बेबी के बीच सीधे संपर्क से दोनों पक्ष बचते रहे हैं।

