- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बार दिवाली पर दार्जिलिंग, सिलीगुड़ी, और सिक्किम का दौरा करेंगे, यहां वह जवानों से मुलाकात करेंगे, वह सिक्किम स्थित शेरथांग युद्ध स्मारक जाकर देश की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज और कल जवानों के साथ रहेंगे। दीपावली के अवसर पर रक्षा मंत्री जवानों के साथ संवाद करेंगे और वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने इसकी जानकारी दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज शाम यानि दीपावली की पूर्व संध्या पर दार्जिलिंग और सिलीगुड़ी का दौरा करेंगे। यहां वह बागडोगरा एयरफील्ड जाएंगे। इसके साथ ही वह भारतीय सशस्त्र बलों के जवानों के साथ बातचीत भी करेंगे। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दिवाली पर सिक्किम जाएंगे। यहां वह शेरथांग युद्ध स्मारक जाकर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “आज, दीपावली की पूर्व संध्या पर, मैं दार्जिलिंग में बागडोगरा एयरफील्ड और सुकना (सिलीगुड़ी) में भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात करके उनसे बातचीत करूंगा।” इसके आगे उन्होंने कहा, “कल (8 नवंबर) यानि दीपावली के दिन मैं सिक्किम स्थित शेरथांग युद्ध स्मारक जाकर देश की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करूंगा। साथ ही, इस क्षेत्र में तैनात हमारे सैनिकों से भी मुलाकात कर उनसे संवाद करूंगा।” पीएम मोदी भी दिपावली के दिन जवानों के साथ मुलाकात करते हैं। बीते कई सालों में पीएम मोदी ने जवानों के साथ ही दिपावली मनाई है।
चिकन नेक का दौरा अहम
बता दें कि सिलीगुड़ी से लेकर सुकना और सिक्किम तक का यह इलाका भारत के लिए बेहद अहम माना जाता है। ये वही इलाका है, जिसे भारत का चिकन नेक भी कहा जाता है। यह इलाका बांग्लादेश, नेपाल और भूटान के बीच आता है। राजनाथ सिंह का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब बीते दिनों भारत और चीनी सैनिकों के बीच झड़प की खबरें भी सामने आई थीं। हाल ही में ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत सिंह कपूर ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि भारत-चीन के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा था कि अभी भी अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर दोनों तरफ की सेनाएं आमने-सामने हैं। उन्होंने कहा कि मौके पर तैनात हमारी ‘शौर्य कमांडो’ टीमों ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया है।

