फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोसी मोनू शर्मा ने शुक्रवार रात अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। परमजीत को 9 गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों में पार्किंग में कुत्ते को पॉटी कराने और गाड़ी पार्किंग को लेकर विवाद था। शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे और अपनी तय जगह पर खड़ी मोनू की गाड़ी हटाने को कहा तो उसने गोलियां चला दीं।
वारदात के बाद आरोपी परिवार समेत फरार हो गया। बेटे शौर्य की सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से कारतूसों के खोल मिले। परमजीत सिंगापुर में रहते थे। वे 5 नवंबर को भारत आए थे। उन्हें 24 नवंबर को भांजे की शादी में शामिल होना था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोलियों के खोल इकट्ठा किए।
4 दिन पहले भी हुआ था झगड़ा
परमजीत का परिवार सेक्टर-21C की बिल्डिंग नंबर 641 की पहली मंजिल पर रहता है। आरोपी मोनू का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के मुताबिक, 4-5 दिन पहले भी मोनू और शौर्या के बीच झगड़ा हुआ था। हालांकि, तब मामला सुलझ गया था।

मौके पर जुटी पड़ोसियों की भीड़, पुलिस ने घटनास्थल सील कर दिया।
बेटे की शिकायत पर 5 लोगों के खिलाफ केस
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। परमजीत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।

