दैनिक उजाला, मथुरा : जरूरतमंदों को जीवनदान देने और युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा में रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद अनंत एवं महर्षि दयानंद सरस्वती जिला चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान के प्रति अपना जज्बा दिखाया। इस दौरान 100 से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
शिविर में रक्तदान के लिए विद्यार्थियों की भागीदारी सराहनीय रही। रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए जीएलए विश्वविद्यालय के मुख्य वित्त अधिकारी डॉ. विवेक अग्रवाल ने उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का अवसर है। स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। युवाओं की इस पहल से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और जरूरत के समय अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों को विकसित करने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद अनंत के प्रेसीडेंट अंजुल गुप्ता ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई मानवीय योगदान नहीं है। रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है। युवाओं की इतनी बड़ी भागीदारी देखकर प्रसन्नता हुई और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे।

इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद अनंत के ब्लड डोनेशन चेयर अंशुल गर्ग, कोषाध्यक्ष पराग अग्रवाल, सदस्य आशीष गर्ग तथा महर्षि दयानंद सरस्वती जिला चिकित्सालय से डॉ. गीता सिंह, अंजू शर्मा, कृष्णकांत, नेहा और सुशील कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार, फार्मेसी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर अशिमा आहूजा, दीपक कौशिक, रोटरी ब्लड बैंक दिल्ली के डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. आनंद पिल्लई, मिनी विजु, गिर्राज सिंह, वीना तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की टीम ने भी शिविर में विशेष सहयोग प्रदान किया।
सड़क सुरक्षा पखवाड़े में सक्रिय भूमिका निभा रहा जीएलए
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन की ओर से 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद ने प्रदेश के समस्त निजी विश्वविद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र-छात्राएं इस अभियान में पूरी सक्रियता के साथ जुटे हुए हैं। स्वयंसेवक लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सड़क सुरक्षा के महत्व का संदेश देने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ इस संदेश को आमजन तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
जीएलए विश्वविद्यालय के डीएसडब्ल्यू डॉ. हिमांशु शर्मा ने कहा कि स्टूडेंट वेलफेयर विभाग के निर्देशन में एनएसएस के स्वयंसेवक सड़क सुरक्षा पखवाड़े में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसके तहत यातायात जागरूकता अभियान के साथ स्वास्थ्य शिविर, नेत्र परीक्षण शिविर एवं अन्य जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों और आमजन में सड़क सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूकता बढ़ाई जा सके।

