- अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान जीएलए के कुलपति और सीएफओ से की मुलाकात, विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स से हुए रूबरू
दैनिक उजाला, मथुरा : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच शिक्षा को अधिक सुलभ, समान और समावेशी बनाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इसी दिशा में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संवाद को आगे बढ़ाते हुए यूनाइटेड किंगडम की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम के स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस के प्रोफेसर एवं डॉक्यूमेंट एनालिसिस एंड एक्सेसिबिलिटी विशेषज्ञ प्रो. वोल्कर सोर्गे ने जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा का दो दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को एआई के युग में समावेशी स्टेम शिक्षा की उपयोगिता और संभावनाओं से अवगत कराया।
दौरे के दौरान प्रो. सोर्गे ने विश्वविद्यालय के इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट सेंटर, सेंटर फॉर स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप, विभिन्न शैक्षणिक विभागों, शोध सुविधाओं एवं परिसर की आधारभूत संरचनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक वातावरण, अनुसंधान सुविधाओं और नवाचार को प्रोत्साहित करने वाले प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विशेष अतिथि व्याख्यान दिया। ‘एजुकेशन फॉर ऑल: स्टेम एक्सेसिबिलिटी इन द एज ऑफ एआई ‘ विषय पर उन्होंने विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित की शिक्षा को सभी विद्यार्थियों के लिए सुलभ, समान और समावेशी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकें दिव्यांग एवं विभिन्न प्रकार की सीखने संबंधी आवश्यकताओं वाले विद्यार्थियों के लिए शिक्षा की बाधाओं को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। साथ ही एआई तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग, नवाचार और समावेशी शिक्षा की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। व्याख्यान के अंत में उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब दिए और उनके साथ सार्थक संवाद किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, सीएफओ डॉ. विवेक अग्रवाल, अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं शैक्षणिक सहयोग के डीन प्रो. दिलीप कुमार शर्मा, इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के डीन प्रो. अशोक भंसाली तथा डीन एकेडमिक्स प्रो. आशीष शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर डा. राहुल प्रधान उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ हुई चर्चा में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग, संयुक्त शोध परियोजनाओं, नवाचार, शिक्षक एवं विद्यार्थी आदान-प्रदान तथा जीएलए विश्वविद्यालय और यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम के बीच भविष्य में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता एवं सीएफओ डॉ. विवेक अग्रवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिक्षण संस्थानों के साथ शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करना विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैश्विक स्तर पर नए अवसर प्रदान करता है। एआई के दौर में समावेशी शिक्षा और शोध आधारित नवाचार की विशेष आवश्यकता है। ऐसे शैक्षणिक संवाद संयुक्त शोध एवं ज्ञान के आदान-प्रदान को नई दिशा देते हैं।
जीएलए में पहली बार होगा क्रिएटर्स समिट
डिजिटल दौर में कंटेंट क्रिएशन, सोशल मीडिया और पर्सनल ब्रांडिंग की बढ़ती ताकत के बीच जीएलए विश्वविद्यालय पहली बार क्रिएटर्स समिट ’26 का आयोजन करने जा रहा है। 20 नवंबर को आयोजित होने वाले इस समिट का आयोजन मीडिया स्कूप क्लब की ओर से किया जा रहा है, जिसे आउटलुक द्वारा पावर्ड किया गया है। इसमें देशभर से विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां एक मंच पर जुटेंगी।
मीडिया स्कूप एवं सीनियर मैनेजर ब्रांडिंग अनमोल नागपाल ने बताया कि समिट में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, अभिनेता, सेलिब्रिटीज, उद्यमी, मार्केटिंग विशेषज्ञ, लेखक सहित अन्य क्षेत्रों के प्रतिष्ठित चेहरे शामिल होंगे। इस दौरान डिजिटल क्रिएटिविटी, मीडिया, एंटरटेनमेंट, मार्केटिंग, उद्यमिता और बदलते कंटेंट परिदृश्य से जुड़े अनुभव एवं विचार साझा किए जाएंगे।

