उत्तर प्रदेश : सपा नेता आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ बुधवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंची ईडी को जज ने फटकार लगाई। कहा कि इतनी जल्दी क्या है, आजम को जमानत पर रहने दीजिए, कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा। ईडी मामले में तुरंत सुनवाई की मांग कर रही थी।
ईडी के वकील ASG एसवी राजू ने कोर्ट से कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आदेश जल्दबाजी में पारित किया। हमें पूरा जवाब दाखिल करने का समय भी नहीं मिला। यह अंतरिम नहीं, अंतिम आदेश जैसा था। इसलिए इस मामले को तुरंत ही सुना जाना चाहिए।
CJI सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने मामले को कल सुनने के लिए कहा तो ASG राजू ने कहा- तब तक रिहाई पर रोक लगा दीजिए, वरना वह जेल से बाहर आ जाएंगे। बेंच ने तुरंत ही इस मांग को ठुकरा दिया।
इससे पहले, हाईकोर्ट ने आजम को जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 426 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग केस में मंगलवार को अंतरिम जमानत दे दी थी। उनकी आज यानी बुधवार को जेल से रिहाई हो सकती है। आजम एक साल बाद जेल से बाहर आएंगे।

रामपुर जेल से बाहर आते ही ईडी ने आजम को गिरफ्तार कर लिया था। इस दौरान उन्होंने आसमान की तरफ हाथ उठाकर इशारे में कहा कि अल्लाह सब देख रहा है।
रामपुर में आजम के घर पर मिठाइयां बांटी जा रही हैं। आजम की पत्नी तंजीम फातिमा ने कहा- उन्हें अल्लाह पर भरोसा था। कुछ ताकतें नहीं चाहती थीं कि आजम बाहर न रहें। पैन कार्ड मामले में आजम को 17 नवंबर 2025 को रामपुर जेल भेजा गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने जल्द फैसला लेने को कहा था
5 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने आजम की याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट भेज दी थी। साथ ही हाईकोर्ट से अंतरिम राहत के मामले में जल्द फैसला लेने को कहा था।
हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान ईडी की गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह की बेंच ने कहा कि 31 अक्टूबर को रामपुर जेल के गेट पर आजम की गिरफ्तारी के दौरान तय नियमों का पालन नहीं किया गया।
आजम के वकील ने बताया कि हाईकोर्ट ने आजम को एक पर्सनल बॉन्ड और इतनी ही राशि की दो जमानतें जमा करने पर रिहाई का आदेश दिया।

आजम को जमानत मिलने पर उनके घर मिटाई बांटी गई।

