Breaking
Wed. Nov 18th, 2026

शिवसेना ने सोनिया की किताब फाड़ी, बैन की मांग:सावरकर और मराठी अस्मिता के अपमान का आरोप; YSR कांग्रेस और BRS भी नाराज

मुंबई : शिवसेना ने बुधवार को सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव को बैन करने की मांग की। पार्टी के नेताओं ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किताब के पन्नों को फाड़ा।

शिवसेना का आरोप है कि इस किताब में वीर सावरकर और मराठी अस्मिता का अपमान किया गया है। उधर, कांग्रेस की सहयोगी पार्टी YSR कांग्रेस और BRS ने भी इस किताब को लेकर नाराजगी जताई है।

YSR कांग्रेस के तिरुपति सांसद मडिला गुरुमूर्ति ने कहा- सोनिया गांधी YSR कांग्रेस के योगदान को कैसे नजरअंदाज कर सकती हैं। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने कहा कि सोनिया ने किताब में तेलंगाना का जिक्र तक नहीं किया। सोनिया की किताब 10 नवंबर को बाजार में बिकना शुरू हुई थी। 16 नवंबर को लॉन्च की गई।

सोनिया गांधी की किताब 16 नवंबर को दिल्ली के ITC मौर्य होटल में लॉन्च की गई थी।

सोनिया गांधी की किताब 16 नवंबर को दिल्ली के ITC मौर्य होटल में लॉन्च की गई थी।

पेज नंबर 201 पर सावरकर का जिक्र

RSS की राजनीति को लेकर इंदिरा गांधी की नाराजगी आजादी की लड़ाई के समय से ही थी। जब कांग्रेस के नेता अंग्रेजों की मार झेल रहे थे और जेल जा रहे थे, तब RSS के बड़े विचारक विनायक दामोदर सावरकर अंग्रेजों के सामने दया याचिकाएं लिख रहे थे। RSS के कुछ सदस्य अंग्रेज अधिकारियों के लिए मुखबिरी भी करते थे। RSS, कांग्रेस और उसकी विचारधारा को हिंदू राष्ट्र बनाने की राह में सबसे बड़ी रुकावट मानता था। इस सोच में दूसरे धर्मों के लोगों को दूसरे दर्जे का नागरिक माना जाता था।

RSS के बड़े विचारकों ने अपनी किताबों और भाषणों में हिटलर और अल्पसंख्यकों को लेकर उसकी नीतियों की तारीफ की थी। इंदिरा गांधी को डर था कि ऐसी विचारधारा देश की एकता के लिए खतरा बन सकती है। इमरजेंसी लगाने से पहले इंदिरा गांधी के मन में यह सवाल था कि उन्हें पद छोड़ देना चाहिए या देश को सांप्रदायिक और दक्षिणपंथी ताकतों से बचाने के लिए कड़ा कदम उठाना चाहिए।

पेज नंबर 443 पर हिंदू सुप्रीमेसिस्ट का जिक्र-

इस पेज पर सावरकर को ‘हिंदुत्व’ विचारधारा का जनक बताया गया है। कहा गया है कि उन्होंने भारत को मुख्य रूप से ‘जहां हिंदू सबसे ऊपर हैं’ (हिंदू सुप्रीमेसिस्ट) के नज़रिए से देखा और संघ परिवार और BJP इसी भूमिका को आगे बढ़ा रहे हैं। शिवसेना ने आरोप लगाया कि यह झूठी कहानी फैलाने की एक चाल है।

YSR कांग्रेस और BRS ने भी नाराजगी जताई

YSR कांग्रेस बोली- राजशेखर रेड्डी ने कांग्रेस को मजबूत किया

YSR कांग्रेस के सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति ने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में वाईएस राजशेखर रेड्डी (YSR) के योगदान का जिक्र क्यों नहीं किया। YSR ने पदयात्रा के जरिए आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत किया था। उनकी वजह से 2004 और 2009 में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली और केंद्र में यूपीए सरकार बनाने में भी मदद मिली।

BRS- सोनिया के दिल में तेलंगाना के लिए कोई जगह नहीं

भारत राष्ट्र समिति (BRS) के कार्यकारी अध्यक्ष और तेलंगाना के पूर्व मंत्री केटी रामा राव ने आरोप लगाया कि तेलंगाना के लिए सोनिया गांधी के दिल में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया की किताब में तेलंगाना का नाम तक नहीं है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *