Breaking
Wed. Nov 18th, 2026

‘राम हर भारतीय के खून में हैं’, जावेद अख्तर ने बताई राम की अहमियत, बयान ने खींचा ध्यान

  • रणबीर कपूर की ‘रामायण’ को लेकर हो रही आलोचना के बीच जावेद अख्तर ने ‘स्वदेश’ फिल्म की अपनी मशहूर पंक्तियों को याद करते हुए कहा कि राम हर भारतीय के खून में हैं

दिग्गज गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने मंगलवार को भगवान राम की प्रशंसा करते हुए कहा कि राम एक पूजनीय व्यक्तित्व हैं, जिनका महत्व किसी धर्म की सीमाओं तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के बारे में अच्छी बातें सुनी हैं, लेकिन अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है। इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (IPRS) की म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट के लॉन्च के मौके पर जावेद अख्तर ने बताया कि उनकी बेटी और फिल्ममेकर जोया अख्तर फिल्म देख चुकी हैं और उन्होंने इसकी काफी तारीफ की है।

जावेद अख्तर ने अभी तक नहीं देखी ‘रामायण’

जावेद अख्तर ने न्यूज एजेंसी PTI से कहा, ‘मैंने अभी तक फिल्म नहीं देखी है। मेरी बेटी जोया ने इसे देखा है और वह इसकी तारीफ कर रही थी। वह किसी चीज की तारीफ बहुत मुश्किल से करती है। मैंने तो अभी तक उसे अपनी तारीफ करते हुए भी नहीं सुना है।’

‘रामायण’ के म्यूजिक पर जावेद अख्तर ने क्या कहा

जब उनसे पूछा गया कि उनके लिखे गाने के बोल लोगों के दिलों को छू जाते हैं, जबकि ‘रामायण’ का म्यूजिक वैसा प्रभाव नहीं छोड़ पाया है तो उन्होंने कहा, ‘इसकी सीधी सी वजह है कि मैं एक अच्छा लेखक हूं। शुरुआत यहीं से करते हैं। इसलिए मेरी लिखी लाइन लोगों के दिलों को छू जाती है।’ जावेद अख्तर के लिखे कई लोकप्रिय गानों में से एक ‘स्वदेश’ फिल्म का गाना ‘पल पल है भारी’ आज भी काफी पसंद किया जाता है। इस गाने की एक मशहूर लाइन है, ‘मन से रावण जो निकाले, राम उसके मन में हैं।’

जावेद अख्तर ने राम का किया गुणगान

81 वर्षीय लेखक और गीतकार ने भगवान राम की लोकप्रियता और उनके महत्व पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं, बल्कि एक आदर्श, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका हैं। राम एक खास तरह की सुंदरता और नैतिकता का प्रतीक हैं। जब आप उन्हें इस नजरिए से देखते हैं और उनकी सराहना करते हैं तो वह आपके दिल को छू जाते हैं। राम हर भारतीय के खून में हैं>’ उन्होंने आगे कहा, ‘हो सकता है कि मेरी इस बात से कई लोग नाराज हों, लेकिन राम का सार हर भारतीय के खून में है, चाहे उसका धर्म कुछ भी हो। भले ही कई बार राम को एक व्यक्ति के रूप में दिखाया जाता है, लेकिन उनका व्यक्तित्व इससे कहीं बड़ा है। वह जीवन जीने का एक तरीका हैं।’

हिंदी फिल्मों में साहित्यिक कहानियों की कमी पर कही ये बात

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, यश रावण और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आ रहे हैं। हिंदी सिनेमा में साहित्यिक रचनाओं पर कम फिल्में बनने के सवाल पर जावेद अख्तर ने कहा कि फिल्ममेकर ज्यादातर एक जैसे फॉर्मूले पर निर्भर रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘पहले भी फिल्मों में साहित्यिक रचनाओं को बहुत कम अपनाया जाता था। हमने ‘देवदास’ और ‘साहब बीवी और गुलाम’ जैसी कुछ फिल्में देखी हैं, लेकिन बाकी ज्यादातर फिल्में एक ही तरह के फॉर्मूले पर बनी थीं। हिंदी फिल्में ऐसी इसलिए हैं, क्योंकि वे सभी को खुश करना चाहती हैं। वे चाहती हैं कि गुजरात, पंजाब, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश, हर जगह के लोग उनकी फिल्में पसंद करें।’ अपनी किताब ‘टॉकिंग फिल्म्स’ का जिक्र करते हुए जावेद अख्तर ने कहा कि हिंदी सिनेमा ने अपनी एक अलग सांस्कृतिक पहचान बना ली है, जो आम भारतीयों की रोजमर्रा की जिंदगी से काफी अलग है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *