Breaking
Thu. Nov 26th, 2026

हरियाणा में 4 युवकों की हत्या:रोहतक के होटल में खाना खाते समय गोलियां बरसाईं, हिमांशु गैंग पर आरोप, मरने वाले 3 बाबा गैंग के

रोहतक : हरियाणा के रोहतक में बुधवार-गुरुवार की रात करीब 1 बजे चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चारों लोग खरावड़ गांव स्थित मिलन होटल में खाना खा रहे थे।

वारदात खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर हुई। आरोप है कि हिमांशु भाऊ गैंग के बदमाशों ने करीब 30 राउंड फायरिंग की। मारे गए तीन युवक बाबा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं, जबकि चौथे का किसी गैंग से कोई संबंध नहीं था।

मृतकों की पहचान झज्जर के डीघल गांव निवासी रिंकू (28), विनीत (22), यश उर्फ गंजू (22) और बेरी निवासी हिमांशु (26) के रूप में हुई है। IMT थाना पुलिस ने रिंकू के चचेरे भाई मन्नु की शिकायत पर केस दर्ज किया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए 8 टीमें लगाई गई हैं।

रिटौली गांव के रहने वाले सन्नी रिटोलिया और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच वर्ष 2019 से दुश्मनी चली आ रही है। 7 साल से जारी इस गैंगवार में अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है।

होटल पर फायरिंग की सूचना मिलने पर रात को ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

होटल पर फायरिंग की सूचना मिलने पर रात को ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

  • होटल में खाना खा रहे चार युवक: रात करीब 1 बजे खरावड़ गांव स्थित मिलन होटल में रिंकू, विनीत और यश खाना खा रहे थे। इसी दौरान पांच हथियारबंद बदमाश स्विफ्ट कार में सवार होकर वहां पहुंचे। बदमाशों ने होटल में घुसते ही तीनाें युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही होटल में भगदड़ मच गई।
  • तीन की टेबल पर मौत, चौथे को भागते हुए मारी गोलियां: फायरिंग होते ही होटल में मौजूद लोग जान बचाने के लिए टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए। इस दौरान तीन युवकों की खाने की टेबल पर ही मौत हो गई। बेरी का हिमांशु भी होटल पर खाना खा रहा था। फायरिंग के बाद वह भागने लगा। बदमाशों ने उसे भी बाबा गैंग का समझकर फायरिंग कर दी, जिसमें उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर कई मिनट तक हथियार लहराते हुए मौके पर घूमते रहे। इसके बाद वे फरार हो गए।
  • IG और SP मौके पर पहुंचे: घटना की सूचना मिलने पर रोहतक रेंज के IG हामिद अख्तर और SP गौरव राजपुरोहित समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। CIA, स्पेशल सेल और FSL की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
  • रिंकू पर पांच केस चल रहे: पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, डीघल निवासी रिंकू का नाम अगस्त 2023 में बेरी में हुई फायरिंग की घटना में सामने आया था। इस वारदात में अनीश नाम के युवक की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि रिंकू घायल हुआ था। रिंकू पर हत्या और हत्या के प्रयास समेत कुल 5 मामले दर्ज हैं।
  • डबल मर्डर में विनीत-यश की हुई थी गिरफ्तारी: मार्च 2022 में रिटौली गांव में हुए डबल मर्डर के मामले में STF ने डीघल निवासी विनीत उर्फ विन्नी और यश उर्फ गंजू को गिरफ्तार किया था। उस समय पुलिस ने दोनों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए थे। इस पुराने मामले में दोनों के नाम अंकित उर्फ बाबा और सन्नी रिटोलिया से जुड़े गुट के साथ सामने आए थे। विनीत पर भी हत्या समेत कुल 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
  • हिमांशु पर कोई आपराधिक मामला नहीं: बेरी निवासी हिमांशु रोहतक के जाट कॉलेज से BA कर रहा था। वह बुधवार रात को अपनी बहन की ससुराल भालौठ गांव आया था। लौटते समय वह मिलन होटल पर खाना खाने के लिए रुका था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

कैसे दुश्मन बने हिमांशु और अंकित….

  • कार की किस्त पर हुआ विवाद: हिमांशु भाऊ और अंकित बाबा कभी पक्के दोस्त हुआ करते थे। वर्ष 2019 में एक कार की किस्तों को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गांव के हंसराज उर्फ हंसे ने रूट पर चलाने के लिए प्राइवेट बस खरीदी थी। बस की सुरक्षा के लिए उसने हिमांशु भाऊ से मदद मांगी। हिमांशु ने बाइक की जगह कार की मांग की। इसके बाद हंसे ने अंकित उर्फ बाबा के परिवार के दस्तावेजों पर लोन लेकर कार खरीदी, लेकिन कार हिमांशु के पास रही।
  • सन्नी रिटोलिया पर फायरिंग हुई: कार की किस्तें नहीं भरी गईं तो बैंक कर्मचारी अंकित के घर पहुंचने लगे। इस पर अंकित के परिवार ने हिमांशु पक्ष से कार वापस मांगी, लेकिन कार नहीं लौटाई गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इस दौरान हिमांशु भाऊ ने अंकित के भाई सन्नी रिटोलिया पर गोली चला दी। हालांकि, सन्नी बच गया। इसके बाद दोनों ने अपने-अपने गैंग बना लिए और एक-दूसरे के करीबियों को निशाना बनाने लगे।
  • मार्च 2022 में 5 दिन में 3 हत्याएं: इस गैंगवार में मार्च 2022 में 5 दिन के अंदर 3 हत्याएं हुईं। 2 मार्च को अंकित गैंग ने हिमांशु भाऊ के चाचा अशोक उर्फ शौकी के बेटे रोहित उर्फ बजरंग की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करने वाले गांव के राजेंद्र उर्फ माडू की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके 5 दिन बाद 7 मार्च को हिमांशु गैंग ने बस में घुसकर हंसराज उर्फ हंसे की हत्या कर दी। इसके बाद 1 जून 2025 को अंकित उर्फ बाबा के चाचा अनिल कुमार की हत्या कर दी गई। फरवरी 2026 में बाबा गैंग से जुड़े दिनेश उर्फ गोगा की भी हत्या कर दी गई।
22 अक्टूबर को हिमांशु भाऊ (बाएं) और नीरज फरीदपुरिया (दाएं) को अमेरिका के लास वेगास से गिरफ्तार किया गया था।

22 अक्टूबर को हिमांशु भाऊ (बाएं) और नीरज फरीदपुरिया (दाएं) को अमेरिका के लास वेगास से गिरफ्तार किया गया था।

हिमांशु भाऊ और अंकित बाबा जेल में बंद

हिमांशु भाऊ पहले पुर्तगाल और फिर अमेरिका से अपना नेटवर्क चला रहा था। उसके गैंग पर हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में हत्या, फिरौती और फायरिंग जैसी वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। 22 अक्टूबर 2026 को अमेरिकी एजेंसियों ने उसे लास वेगास में हिरासत में लिया था। वहीं, अंकित उर्फ बाबा जेल में बंद है। उसका भाई सन्नी रिटोलिया को भी बाबा गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जाता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *