Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

‘इससे अच्छा कुएं में कूदकर मर जाऊं’, जानें नितिन गडकरी ने ऐसा क्यों कहा

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक घटना को याद करते हुए खुलासा किया कि एक बार उन्हें एक नेता ने कांग्रेस में शामिल होने की पेशकश की थी। जिस पर उन्होंने जवाब दिया था कि वह उस पार्टी का सदस्य बनने के बजाय कुएं में कूदकर मर जाना पसंद करेंगे।

केंद्र की मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर शुक्रवार को महाराष्ट्र के भंडारा में गडकरी ने एक सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि दिवंगत कांग्रेस नेता श्रीकांत जिचकर ने उन्हें कांग्रेस जॉइन करने का ऑफर दिया था। नितिन गडकरी ने कहा, ‘ जब मैं छात्र नेता था। तब मेरे एक दोस्त जिचकर ने एक बार मुझसे कहा आप एक बहुत अच्छे पार्टी कार्यकर्ता और नेता हैं, और यदि आप कांग्रेस में शामिल होते हैं, तो आपका भविष्य उज्जवल होगा। इसपर मैंने उनसे कहा कि मैं कांग्रेस में शामिल होने के बजाय कुएं में कूद जाऊंगा।’ गडकरी ने आगे कहा कि जिचकर ने मुझसे कहा था कि आपकी पार्टी का कोई भविष्य नहीं है। इस पर मेरा जवाब था कि मुझे भाजपा और उसकी विचारधारा पर पूरा भरोसा है और मैं इसके लिए काम करना जारी रखूंगा।

गडकरी ने आरएसएस की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के अपने पुराने दिनों को याद किया। साथ ही खुद में मूल्य स्थापित करने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जबसे बनी है कई बार टूट चुकी है। हमें अपने देश के लोकतंत्र के इतिहास को नहीं भूलना चाहिए। हमें भविष्य के लिए अतीत से सीखना चाहिए। अपने 60 साल के शासन में कांग्रेस ने ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया, लेकिन निजी फायदे के लिए कई शिक्षण संस्थान खोले।

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने यह भी दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में देश में कांग्रेस के 60 वर्षों के शासन की तुलना में दोगुना काम किया है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। कांग्रेस अपने 60 साल के शासन में जितना काम नहीं कर पाई, उससे दोगुना काम भाजपा सरकार ने पिछले नौ साल में किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ दिन पहले जब वह उत्तर प्रदेश में थे तो उन्होंने लोगों से कहा था कि 2024 के अंत तक यूपी की सड़कें अमेरिका जैसी हो जाएंगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *