- दिल्ली से देहरादून का सफर अब सिर्फ तेज ही नहीं, बल्कि पहले से काफी सस्ता भी हो गया है, नए एक्सप्रेसवे के खुलने के बाद यात्रियों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि बस किराए में करीब 25% तक की कटौती कर दी गई है
देहरादून : देहरादून और दिल्ली के बीच यात्रा करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। नवनिर्मित दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (एक्सप्रेसवे) के खुलने से न केवल सफर की रफ्तार बढ़ी है, बल्कि अब आपकी जेब पर पड़ने वाला बोझ भी काफी कम हो गया है। उत्तराखंड परिवहन निगम (UTC) ने एक्सप्रेसवे से होकर गुजरने वाली बसों के किराए में भारी कटौती कर दी है, जिससे यात्रियों के चेहरे खिल गए हैं।
उत्तराखंड परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक (AGM) प्रतीक जैन ने घोषणा की है कि एक्सप्रेसवे के रास्ते चलने वाली बसों के किराए में 25% तक की कमी की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुलभ, सस्ती और बेहतर परिवहन सेवा प्रदान करना है।
किराये की नई दरें
उत्तराखंड रोडवेज ने अपनी सभी कैटेगरी की बसों के किराए को संशोधित किया है। नई दरें इस प्रकार हैं:
- वोल्वो (Volvo): लग्जरी वोल्वो बसों का किराया जो पहले ₹945 था, अब घटकर मात्र ₹709 रह गया है। यानी एक तरफ की यात्रा पर सीधे ₹236 की बचत।
- एसी बस (AC Bus): एसी बसों का किराया ₹704 से घटाकर अब ₹507 कर दिया गया है।
- साधारण बस (Ordinary): आम जनता की पसंदीदा साधारण बस का किराया ₹430 से कम होकर अब मात्र ₹355 हो गया है।
अब 3 घंटे से भी कम सफर होगा पूरा
किराया घटने के साथ-साथ अब यात्रियों का कीमती समय भी बचेगा। एजीएम प्रतीक जैन ने बताया कि वोल्वो बस और छोटे वाहनों के साथ किए गए सर्वे के अनुसार, अब देहरादून आईएसबीटी (ISBT) से दिल्ली आईएसबीटी तक का सफर मात्र 2 घंटे 55 मिनट में पूरा हो रहा है। पहले इसी दूरी को तय करने में 5 से 6 घंटे का समय लगता था।
यात्रियों में खुशी की लहर
रोडवेज की इस पहल की जनता द्वारा काफी सराहना की जा रही है। किराए में कटौती होने के कारण अब लोग निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्रायोरिटी दे रहे हैं। यह न केवल किफायती है बल्कि रफ्तार के मामले में भी अब किसी से कम नहीं है।

