- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 19 अप्रैल यानी रविवार से शुरू हो रही है, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए करीब सात हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है
देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन दिन से हो रहा है। 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलेंगे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे। पिछले चार महीने से यात्रा की तैयारी में लगी सरकार ने पुख्ता इंतजाम के साथ सुखद यात्रा का दावा किया है।
चारधाम यात्रा के लिए अब तक 18 लाख से अधिक श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। यात्रा हरिद्वार या ऋषिकेश से शुरू होकर, यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और अंत में बद्रीनाथ जाती है। अप्रैल-मई में पहाड़ों पर मौसम ठंडा रहता है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन के लिए आधार कार्ड/पहचान पत्र और मोबाइल नंबर जरूरी है।
2025 की चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं के आने का रिकॉर्ड कायम हुआ था। पूरी यात्रा के दौरान करीब 50 लाख लोगों ने चारोधाम के दर्शन किए थे। 2024 में यह आंकड़ा 45 लाख 45 हजार के करीब था। उम्मीद की जा रही है इस बार यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ेगी जिसको देखते हुए व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने बताया कि सम्पूर्ण यात्रा मार्ग को 16 सुपर जोन,43 जोन और 149 सेक्टर में बांटा गया है।हरिद्वार से लेकर सभी धामों में थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था की गई है।
बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान
यात्रा आरंभ होने से पहले मौसम विभाग द्वारा प्रदेश में 21 अप्रैल तक के लिए बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसको लेकर आपदा प्रबंधन विभाग की तरफ से यात्रा के सभी जिलों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार के स्तर पर अब तक बीस से अधिक बैठकें यात्रा को लेकर की जा चुकी हैं। यात्रा मार्ग का निरीक्षण भी खुद सूबे के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में किया। सीएम का कहना है कि चारधाम यात्रा हमारी आर्थिकी का बड़ा स्रोत है ऐसे में सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किया है।सरकार का उद्देश्य है कि यात्रा सुखद और सुचारु रहे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 7000 पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा
उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप यात्रा सुरक्षा व सुगमता की महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल को श्री गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा विधिवत शुरू हो जाएगी। आईजी स्वरूप ने कहा कि मानसून के दौरान खराब हुई सड़कों की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है। यात्रा रूट पर चिन्हित लैंडस्लाइड जोन की विशेष निगरानी की जा रही है और वहां SDRF, PWD व BRO की टीमों के साथ पर्याप्त जेसीबी मशीनों की तैनाती की गई है। यातायात प्रबंधन के लिए जगह-जगह आधुनिक साइनेज भी लगाए गए हैं।
यात्रा की सुरक्षा के लिए लगभग 7000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें एडिशनल एसपी से लेकर कांस्टेबल स्तर तक के जवान शामिल हैं। साथ ही, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 15 कंपनियों की मांग की गई है, जिनके मई के प्रथम सप्ताह तक पहुंचने की उम्मीद है। आईजी ने विश्वास दिलाया कि पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
चारधाम यात्रा 2026 कपाट खुलने की तिथियां
- यमुनोत्री धाम= 19 अप्रैल 2026
- गंगोत्री धाम= 19 अप्रैल 2026
- केदारनाथ धाम= 22 अप्रैल 2026
- बद्रीनाथ धाम= 23 अप्रैल 2026

