नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/लखनऊ : देश के लगभग सभी राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। उत्तर प्रदेश के बांदा में शुक्रवार को तापमान 45.4°C दर्ज हुआ, जो इस गर्मी में अब तक भारत ही नहीं, एशिया में सबसे ज्यादा तापमान था।
यह सामान्य से 4.9°C ज्यादा है। दिलचस्प यह है कि एक हफ्ते पहले 9-10 अप्रैल को देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम 12°C तापमान भी बांदा में ही था।
इधर, आज से अगले 4 दिन मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में लू चलने की आशंका है।
राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में शुक्रवार को बारिश ने थोड़ी राहत दी है। फिर भी इन राज्यों में पारा 40°C के ऊपर रहा।
यूपी के 16 जिलों में तापमान 40°C से ज्यादा रहा, जिससे हीटवेव यानी लू चली। प्रयागराज, वाराणसी समेत 50 शहरों में भीषण गर्मी पड़ रही है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा के कई जिलों में तापमान 43°C के पार पहुंच गया है। MP के 13 जिलों में स्कूलों का टाइम बदला गया है।
छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा के बोलांगीर, सुबर्णपुर और कालाहांडी जिलों में 21 अप्रैल तक सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भीषण गर्मी के बीच लोग पानी के टैंकर के नीचे छांव में बैठे दिखे।

प्रयागराज में झुलसा देने वाली गर्मी में कॉलेज छात्राएं कपड़ों से सिर और चेहरा ढक रही हैं।

बिहार के बक्सर में तेज धूप से बचने के लिए एक बच्चे ने सिर पर बस्ता रख लिया।
बारिश

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में भी शुक्रवार को बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

दिल्ली के कई हिस्सों में शुक्रवार देर रात तक बारिश हुई। इस दौरान बिजली भी चमकी।

झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को कोहरा छाया रहा।
17 अप्रैल को दुनिया के सबसे गर्म शहर
| जगह | तापमान |
| केनीबा (माली) | 48.20°C |
| बांदा | 45.4°C |
| अमरावती | 44.4°C |
| वर्धा | 44.4°C |
| जिनान (चाड) | 44.2°C |
| अकोला | 44.1°C |
| नागपुर | 44°C |
| प्रयागराज | 44°C |
| राजनांदगांव | 44°C |
| वासिम | 44°C |
| आदिलाबाद | 43.8°C |
| चंद्रपुर | 43.6°C |
13 राज्यों में बारिश और 4 में बर्फबारी का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल, बिहार, सिक्किम, बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में बारिश का अलर्ट है। बंगाल से लगे ओडिशा के कुछ जिलों में भी बारिश हो सकती है। इधर कर्नाटक के कुछ जिलों में ओले गिर सकते हैं।
मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक के जिलों में भी बारिश होगी। जिससे मौमस उमस भरा हो जाएगा।
हालांकि जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल में बर्फबारी का अलर्ट है। वहीं सिक्किम के नाथुला में शुक्रवार-शनिवार को बर्फबारी हुई।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम
19 अप्रैल:
- छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र के कुछ स्थानों पर लू का अलर्ट है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा
- अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में भारी बारिश होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में आंधी और बिजली की आशंका है।
20 अप्रैल:
- झारखंड और ओडिशा में हीटवेव की स्थिति बन सकती है, जबकि तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी रहेगी। ओडिशा में कुछ जगहों पर गर्म रात रहने की संभावना है।
- अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। कर्नाटक, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना में आंधी की आशंका है।

