- दिल्ली कोर्ट के 35 वर्षीय जज अमन कुमार शर्मा ने आत्महत्या कर ली है, सफदरजंग स्थित घर में उनका शव फांसी के फंदे से लटका मिला
नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक जज ने सुसाइड कर लिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग इलाके में रहने वाले जज ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक जज का नाम अमन कुमार शर्मा है। जज की उम्र 35 साल बताई जा रही है। उनका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। जज ने ऐसा कदम क्यों उठाया, अभी तक इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। मौके से सुसाइड नोट मिलने की भी सूचना नहीं है।
पुलिस को दोपहर मिली सुसाइड की जानकारी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस घटना का पता आज दोपहर चला। पुलिस ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब 1:45 बजे इस बारे में जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि यह कॉल परिवार के ही किसी सदस्य ने की थी।
पुलिस के बड़े अधिकारी और फोरेंसिक टीमें मौके पर
पुलिस ने बताया कि शनिवार को जज अमन कुमार शर्मा का शव उनके घर मिला, जिन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अमन कुमार शर्मा फंदे से लटके हुए पाए गए। दिल्ली पुलिस ने उनकी मौत की पुष्टि की है और इस मामले को आत्महत्या के तौर पर दर्ज किया है। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं। आत्महत्या के पीछे के सही कारणों का अभी पता नहीं चला है और पूरी घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। जज अमन कुमार शर्मा की अचानक हुई मौत से शहर के कानूनी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
बहनोई ने किया था कॉल
वहीं एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह कॉल डिफेंस कॉलोनी निवासी शिवम ने की थी, जिन्होंने खुद को मृतक जज अमन कुमार शर्मा का बहनोई बताया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जल्द ही रिपोर्ट सामने आएगी।
साल 2021 में दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे जज अमन कुमार शर्मा
रिकॉर्ड के मुताबिक जज अमन शर्मा 19 जून, 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे। उन्होंने सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, पुणे से 2018 में बीए एलएलबी की डिग्री ली थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने क्रिमिनल और सिविल मामलों को संभाला। उन्होंने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी और सिविल जज के रूप में अलग-अलग न्यायालयों में सेवा दी। वहीं 18 अक्तूबर, 2025 को अमन शर्मा ने कड़कड़डूमा कोर्ट में उत्तर-पूर्वी जिले के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव की जिम्मेदारी संभाली थी।

