नई दिल्ली : रालोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस ने केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि NDA में मेरे साथ नाइंसाफी हुई। अब मैं तय करूंगा कि कहां जाना है। मंगलवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने ये ऐलान किया।

पशुपति पारस ने इस दौरान पीएम मोदी की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि वे देश के बड़े नेता हैं। मैं उनका शुक्रगुजार हूं, लेकिन मेरी पार्टी और व्यक्तिगत रूप से मेरे साथ नाइंसाफी हुई है।

सोमवार को बिहार की 40 लोकसभा सीटों के लिए NDA ने शीट शेयरिंग की घोषणा कर दी। भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), राष्ट्रीय लोक मोर्चा और हम के बीच सीटों का बंटवारा हो गया। वहीं, इस बंटवारे में पशुपति कुमार पारस की पार्टी राष्ट्रीय लोजपा को एक भी सीट नहीं मिली है। उनकी पार्टी को पूरी तरह से गठबंधन के अंदर इग्नोर कर दिया गया है। तब से वे नाराज हैं।

सूत्रों के मुताबिक पशुपति पारस की पार्टी राजद के संपर्क में हैं। संभावना जताई जा रही है कि आज या कल में वे बड़ा ऐलान कर सकते हैं। पशुपति पारस ने पहले ही कह दिया है कि वो हर हाल में हाजीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। अब एनडीए में ये सीट चिराग को मिली है।

JDU बोली-यह भाजपा और पशुपति कुमार पारस के बीच का मुद्दा

JDU नेता नीरज कुमार ने कहा, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व घटक दलों से संवाद कर रहा था इसमें JDU की कोई भूमिका नहीं थी। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने चिराग पासवान के साथ मिलकर फैसला लिया। पशुपति कुमार पारस का क्या फैसला है वे किधर जा रहे हैं वो वही बता सकते हैं। नीतीश कुमार ने सभी का सम्मान किया है। यह भाजपा और पशुपति कुमार पारस के बीच का मुद्दा है।

2019 में पशुपति पारस सांसद बने थे

2019 में हाजीपुर सीट से लोकसभा का चुनाव जीत कर पशुपति पारस सांसद बने थे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में उन्हें जगह दी और केंद्र में मंत्री बनाया। लेकिन, 2024 में होने जा रहे लोकसभा के चुनाव में भाजपा ने भतीजे चिराग पासवान को तरजीह दी और चाचा पशुपति कुमार पारस को सीधे नजर अंदाज कर दिया।

राजद के संपर्क में आए पशुपति कुमार पारस

सूत्रों के अनुसार NDA के अंदर जगह नहीं मिलने से नाराज पशुपति कुमार पारस राजद के संपर्क में आ गए हैं। 5 सीटों के लिए इनकी बात भी हुई है। संभावना है कि हाजीपुर समेत जो सीटें NDA में चिराग पासवान की पार्टी को मिली है। वहीं, सीटें महागठबंधन में पशुपति कुमार पारस को मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

banner