जोधपुर : रातानाडा स्थित गणेश मंदिर में गणेश महोत्सव की शुरुआत मंगलवार को गणेश चतुर्थी से होगी। इस बार 9 दिन तक चलने वाले महोत्सव के तहत विभिन्न आयोजन होंगे। 19 सितंबर को पहले दिन भगवान गणेश का विशेष शृंगार करने के साथ ही ऋतु पुष्पों से मन्दिर को सजाया जायेगा। अनन्त चतुर्दशी के दिन शहर के भक्तों को सवा लाख मन्त्रों से अभिमंत्रित व अभिषेक की हुई सुख, शांति, स्मृद्धि व आर्थिक लाभ दायक भगवान गजानंद के स्वरूप की पोटली का वितरण किया जाएगा। मंदिर पुजारी के अनुसार शाम की आरती के बाद शाम 7 से रात्रि 11 बजे तक पोटली का वितरण किया जाएगा।
पहले दिन भगवान गणेश को अलग-अलग समय में 6 पोशाक धारण करने के साथ 51 हजार सूखे मेवे के लड्डू का भोग लगाया जाएगा। गणेश चतुर्थी के दिन सुबह 5 बजे भगवान गणेश की महाआरती होगी। उसके बाद सुबह 10 बजे महोत्सव का आगाज ध्वजारोहण से किया जाएगा। मन्दिर पुजारी की ओर से सीएम गहलोत को निमंत्रण दिया गया है। 9 दिवसीय महोत्सव के दौरान मन्दिर परिसर में भजन संध्या होगी। वहीं 23 सितंबर को स्कूली बच्चे गीता पाठ करेंगे। 25 को सुन्दकाण्ड का पाठ होगा। अनंत चतुर्दशी को मन्दिर परिसर में महारुद्राभिषेक किया जाएगा। इस दौरान 1008 सहस्त्रनाम पाठ के साथ 1008 लड्डूओं और 100 किलो सूखे मेवे की आहुति दी जाएगी।
घर-घर विराजित होंगे गणेश
गणेश चतुर्थी के दिन घरों में भगवान गणेश की प्रतिमा भी विराजित की जाएगी। ऐसे में शहर की विभिन्न सड़कों के किनारे भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमाएं दिखाई देने लगी है। शहरवासी अपनी सुविधा अनुसार छोटी-बड़ी इन प्रतिमाओं को देखकर घर में विराजित करने के लिए खरीदारी भी करते नजर आ रहे हैं।