कानपुर में शादी से इनकार करने पर रिटायर्ड IAS के बेटे देवाशीष निगम (38) ने चलती कार में गर्लफ्रेंड से मारपीट की। उसके सिर और चेहरे पर ईंट से ताबड़तोड़ वार किए। बीच सड़क कार से घसीटकर जमकर लात-घूसों से पिटाई कर लहूलुहान कर दिया।
पुलिस ने बताया कि देवाशीष शनिवार शाम 7 बजे युवती के साथ अपनी अमेज कार से बिठूर के ब्रह्मघाट घूमने जा रहे थे। रास्ते में मॉडल डेयरी के सामने रेलवे ट्रैक की सर्विस लेन पर महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे। आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर दी। फिर पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
महिला IIT कानपुर में काम करती है। उसका आरोप है कि देवाशीष उस पर शादी का दबाव बना रहा था। मना करने पर वह भड़क गया। घटना बिठूर थाना क्षेत्र की है। इसका वीडियो रविवार सुबह 8 बजे सामने आया।

भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पीटा। फिर पुलिस के हवाले कर दिया।

महिला IIT कानपुर में काम करती है। वह सड़क पर खून से लथपथ तड़पती रही।

आरोपी देवाशीष निगम ने पुलिसवालों को धमकाया। कहा- मेरी मां रिटायर्ड IAS अफसर हैं।

इसी कार में महिला पर हमला किया गया। ईंट से कई वार किए गए। सीट पर खून फैल गया।
अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए…
आरोपी देवाशीष निगम स्वरूप नगर के राज टावर का रहने वाला है। मां चंद्रा निगम रिटायर्ड IAS अफसर हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण में तैनात थीं। पिता रमेश शंकर निगम का कुछ साल पहले निधन हो चुका है।
पुलिस के मुताबिक, देवाशीष अपनी कार से 38 साल की गर्लफ्रेंड को लेने IIT कानपुर पहुंचा। फोन कर उसे गेट पर बुलाया। फिर दोनों बिठूर के ब्रह्मघाट घूमने के लिए निकल गए। कार देवाशीष चला रहा था। बगल में महिला बैठी थी।
रास्ते में दोनों के बीच शादी की बात को लेकर कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने के बाद देवाशीष ने सर्विस लेन पर कार रोक दी। महिला को 2-3 थप्पड़ जड़ दिए। तेजी से नीचे उतरा। सड़क किनारे से ईंट उठा ली।
महिला ने बचने के लिए कार का गेट बंद कर लिया। देवाशीष ने ईंट से कार पर 2 से 3 वार कर शीशा तोड़ दिया। महिला को कार से खींचकर सड़क पर गिरा दिया। फिर ईंट से सिर और शरीर पर कई वार किए।
महिला चिल्लाने लगी। यह देखकर आसपास के लोग भागकर आए। आरोपी को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी उन्हें धमकाने लगा। बोला- मेरी मां रिटायर्ड IAS हैं।

महिला को हैलेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जहां हालत गंभीर बनी हुई है।
2014 में आरोपी की हुई थी शादी, महिला के पति की हो चुकी मौत
स्वरूप नगर के राज टावर में रहने वाले लोगों ने बताया- देवाशीष के बर्रा में दो गेस्ट हाउस हैं। उसकी शादी 2014 में हुई थी। उसकी एक बेटी भी है। पिछले 6 महीने से पत्नी से अलग रह रहा है। घायल महिला के पति की मौत हो चुकी है। 2005 में शादी हुई थी। उसे 16 साल की एक बेटी है। देवाशीष और महिला एक-दूसरे को काफी पहले से जानते हैं। अक्सर साथ घूमते-फिरते दिखाई देते थे।
महिला को रामा मेडिकल कॉलेज से हैलेट किया गया रेफर
गंभीर हालत में महिला को रामा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर हालत में उसे हैलेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है उसे अभी तक होश नहीं आया है। पीड़ित की बहन ने बताया- आरोपी युवक बहन को धमकी देता था। बहन से कहता था कि शादी कर लो। तुम लोग मेरा कुछ बिगाड़ नहीं पाओगी। मेरी मां IAS रह चुकी हैं।
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम अबिदी ने बताया-

पीड़िता के परिजनों की ओर से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

