कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में धान की सरकारी खरीद शुरू कराने को लेकर मंगलवार को किसानों-पुलिस के बीच टकराव हो गया। DC विश्राम कुमार मीणा के साथ मीटिंग बेनतीजा रहने के बाद दोपहर एक बजे GT रोड जाम करने निकले किसानों ने बराड़ा रोड पर बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।
पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया और आंसू गैस के गोले दागे। इसके बावजूद कुछ किसान फ्लाईओवर पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस ने नीचे उतार लिया। आधे घंटे चले बवाल के बाद किसानों ने बराड़ा रोड पर शहीद उधम सिंह स्मारक के पास धरना शुरू कर दिया। SP चंद्रमोहन भी हालात का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। DSP रणधीर ने कहा कि GT रोड पर ट्रैफिक चल रहा है।
भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा, “देश का पेट पालने वालों पर बमबारी हुई। हम पाकिस्तानी नहीं हैं। सैंकड़ों गोले दागे, पानी छोड़ा, लाठचार्ज किया। मेरे भी पैर पर चोट आई। जब तक हमारी बात नहीं मानी जाएगी, हम यहीं रहेंगे। हमने मोर्चा लगा दिया है।”

किसानों की तरफ आंसू गैस के गोले दागता पुलिसकर्मी।

जीटी रोड पर पहुंचे किसानों और पुलिस में धक्का-मुक्की भी हुई।

GT रोड जाम करने जा रहे किसानों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी दागे।

कुछ किसान पुलिस से बचकर GT रोड फ्लाईओवर पर चढ़ गए।

शहीद उधम सिंह स्मारक स्थित कार्यालय में किसानों से मीटिंग करते DC विश्राम कुमार मीणा।
22 सितंबर तक का दिया था अल्टीमेटम
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि 16 सितंबर को धान की सरकारी खरीद को लेकर शाहाबाद अनाज मंडी में किसानों की बैठक हुई थी। इसमें कुरुक्षेत्र के DC विश्राम कुमार मीणा भी पहुंचे थे। किसानों ने मंडियों में फसल पहुंचने का हवाला देते हुए जल्द खरीद शुरू करने की मांग की थी।
प्रशासन ने बताया था कि राज्य सरकार ने केंद्र से तय समय से पहले 20 सितंबर से खरीद शुरू कराने का अनुरोध किया है। इस आश्वासन के बाद किसानों ने 20 सितंबर तक खरीद शुरू करने का अल्टीमेटम दिया था और मांग पूरी न होने पर 22 सितंबर को जाम लगाने की चेतावनी दी थी।

16 सितंबर को DC विश्राम कुमार मीणा ने 20 सितंबर तक धान की खरीद शुरू करवाने का भरोसा दिया था।
मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल 27 सितंबर तक खुला
सरकार ने किसानों को फसल रजिस्ट्रेशन का एक और मौका दिया है। मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल 21 से 27 सितंबर तक दोबारा खोला गया है। किसान 27 सितंबर तक फसल का रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। किसानों की मांग है कि पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन, वेरिफिकेशन और खरीद प्रक्रिया में तालमेल रहे, ताकि मंडियों में फसल खरीद के लिए इंतजार न करना पड़े।
पिछले साल 22 सितंबर से शुरू हुई खरीद
धान खरीद की तारीख को लेकर पिछले साल भी किसानों ने सरकार पर दबाव बनाया था। 2025 में हरियाणा में धान की सरकारी खरीद 22 सितंबर से शुरू हुई थी। पहले खरीद 1 अक्टूबर से होनी थी, लेकिन किसानों की मांग और विरोध के बाद तारीख आगे बढ़ाई गई थी। पिछले साल करीब 59.62 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई थी।

