जबलपुर : जबलपुर में एक महिला ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर ससुराल वालों को लाखों रुपए का चूना लगा दिया। इतना ही नहीं नकली सोना घर पर रखकर असली सोने के जेवरात गायब कर दिए। मामले का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने मदन महल थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने महिला और उसके बॉयफ्रेंड के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

20 फरवरी को हुई एफआईआर के बाद से ही लगातार पुलिस दोनों को तलाश कर रही थी। इस दौरान पता चला कि महिला का बॉयफ्रेंड नरसिंहपुर में छिपकर बैठा है। उसे पकड़ने पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने अपने आपको बीमार बताया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है।

इधर, महिला की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। महिला ने अपनी नौकरी के लिए पति पर दबाव बनाकर 38 लाख रुपए बॉयफ्रेंड के खाते में ट्रांसफर भी करवाए हैं। यही नहीं घर में रखे 20 तोला से अधिक सोने के जेवरात को भी गायब कर दिए।

4 साल पहले हुआ था विवाह

सिवनी जिले के धूमा में रहने वाले रूद्र प्रताप मिश्रा राजस्व निरीक्षक के पद पर थे। 2021 में उनके इकलौते बेटे आदित्य मिश्रा का विवाह नरसिंहपुर निवासी पूजा दुबे से हुआ था। शादी के कुछ माह तक सबकुछ ठीक था। इस बीच पूजा के बॉयफ्रेंड आकाश नेमा का आना-जाना शुरू हो गया। पूजा उसे अपना मुंहबोला भाई बताती थी।

पूजा ने पति और ससुर पर दबाव बनाया कि आकाश की अधिकारियों से अच्छी पहचान है। वह उसकी शिक्षा विभाग में नौकरी लगवा देगा। इतना ही नहीं पति आदित्य की भी पटवारी में नौकरी लगवाने की बात की। इसके लिए ससुर रूद्र प्रताप ने जब पैसे देने से मना किया तो पूजा ने पति आदित्य को मना लिया।

आदित्य ने इसके बाद पिता को बिना बताए 17 अगस्त 2022 से लेकर 7 जुलाई 2024 तक आकाश नेमा के खाते में 38 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। इस बीच आकाश का आदित्य के घर पर लगातार आना-जाना बना रहा। आकाश ने आदित्य को कुछ फोटोग्राफ दिखाते हुए बताया कि इन सभी की शासकीय विभाग में उसने नौकरी लगवाई है।

आदित्य ने बताया कि वह जब भी घर आता तो कहता कि बस कुछ दिन और फिर दोनों की नौकरी लगने वाली है। इस पूरे मामले से मेरे पिता अनजान थे।

रुपए वापस मांगे तो धमकाने लगे

कुछ दिन बाद जब रूद्र प्रताप को जानकारी लगी कि उनके बेटे आदित्य ने पत्नी पूजा के कहने पर आकाश को 38 लाख रुपए दे दिए तो उन्होंने दोनों से पैसे मांगे। जिसके बाद आकाश और पूजा ने पिता-पुत्र को धमकी देना शुरू कर दिया।

बैंक पहुंचे तो पता चला सोना नकली है

जनवरी 2024 में रूद्र प्रताप को किसी काम के लिए गोल्ड लोन लेना था। वे पत्नी के जेवरात लेकर एसबीआई बैंक पहुंचे। चेक करने पर पता चला कि यह सोना नकली है। इतना सुनते ही रूद्र प्रताप के होश उड़ गए वे तुरंत घर आए और बहू पूजा से उसके जेवर मांगे। बहू ने आनाकानी करते हुए कहा कि जेवर मायके में रखे हुए हैं। आदित्य ने अपने ससुर राजेंद्र दुबे को इस पूरे मामले की जानकारी दी तो वह भी जबलपुर पहुंच गए, विवाद न बढ़े इसलिए पूजा को पिता के साथ नरसिंहपुर भेज दिया।

असली गहनों को नकली में बदल दिए

रूद्र प्रताप यह समझ चुके थे कि उनकी बहू पूजा ने आकाश नेमा के साथ मिलकर न सिर्फ 38 लाख रुपए की चपत लगाई है, बल्कि लाखों रुपए के जेवरात को भी गायब किया है। रूद्र प्रताप की शिकायत पर मदन महल थाना पुलिस ने पूजा दुबे और उसके साथी आकाश नेमा के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई मामलों के तहत एफआईआर दर्ज की है।

इस बीच आदित्य ने पूजा और आकाश के मोबाइल नंबर पर कॉल किया। उनके नंबर बंद मिले। आदित्य ने अपने ससुर से जानकारी ली तो उन्होंने भी कुछ नहीं बताया। आदित्य का कहना है कि पूजा की मां यह अच्छे से जानती थी कि उसने ही असली जेवर के बदले नकली जेवर बदल दिए हैं, क्योंकि इससे पहले भी वह एक बार ऐसा कर चुकी है।

एफआईआर दर्ज करने के बाद मदन महल थाना पुलिस लगातार पूजा और आकाश की तलाश कर रही थी। इस बीच जानकारी मिली कि आकाश को नरसिंहपुर में देखा गया है। बस स्टैंड चौकी प्रभारी दिनेश गौतम टीम के साथ पहुंचे तो वहां पर आकाश मिल गया, हालांकि पूजा उसके साथ नहीं थी।

आकाश ने पुलिस को बीमार होने की जानकारी दी। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, शनिवार को पता चला कि आकाश को जिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, वह वहां से गायब है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *