Breaking
Sat. May 9th, 2026

बेटी की बारात दरवाजे पर थी, पिता-चाचा की मौत:अमेठी में द्वारपूजा के लिए फल लेने गए थे, दो बाइक टकराईं

अमेठी : अमेठी में बेटी की शादी से ठीक पहले पिता और चाचा की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार रात 8 बजे हादसा उस वक्त हुआ, जब बारात घर के दरवाजे पर खड़ी थी। बैंड पर बाराती दूल्हे के साथ नाच-गा रहे थे। द्वारपूजा और जयमाल की तैयारियां चल रही थीं।

इसी दौरान, पंडित जी ने द्वारपूजा के लिए पिता से फल मांगे। घर में फल नहीं थे। परिवार के बाकी लोग काम में व्यस्त थे। ऐसे में पिता गौतम कुमार ने अपने रिश्ते के भाई आशाराम को बुलाया। कहा- बाइक निकालो, मार्केट से 5 मिनट में फल लेकर आते हैं।

बाइक लेकर दोनों घर से 500 मीटर दूर ही पहुंचे थे कि एक दूसरी बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों कई फीट दूर गिरे। घटना की सूचना घर पहुंची तो रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

पिता की मौत की खबर सुनकर बेटी मनीषा बेहोश गई। खुशी का माहौल मातम में बदल गया। हालांकि, परिजन ने शादी की रस्में जल्दी-जल्दी पूरी करा बेटी को विदा कर दिया। रस्मों के दौरान बेटी का रो-रोकर बुरा हाल था। हादसा जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर लखनऊ-जौनपुर हाइवे पर जायस मोड़ के पास हुआ।

तस्वीरें…

शादी की रस्मों के दौरान बेटी मनीषा का रो-रोकर बुरा हाल था। रिश्तेदार किसी तरह उसे संभाल रहे थे।

शादी की रस्मों के दौरान बेटी मनीषा का रो-रोकर बुरा हाल था। रिश्तेदार किसी तरह उसे संभाल रहे थे।

पिता की मौत के बाद गमगीन माहौल में सिंदूरदान किया गया। बेटी इस दौरान लगातार रोए जा रही थी।

पिता की मौत के बाद गमगीन माहौल में सिंदूरदान किया गया। बेटी इस दौरान लगातार रोए जा रही थी।

पिता की मौत के बाद जल्दी-जल्दी शादी की रस्में पूरी कराके बेटी की विदाई की गई।

पिता की मौत के बाद जल्दी-जल्दी शादी की रस्में पूरी कराके बेटी की विदाई की गई।

दुल्हन मनीषा विदाई के दौरान दूल्हें के कंधे पर सिर रखकर रोए जा रही थी।

दुल्हन मनीषा विदाई के दौरान दूल्हें के कंधे पर सिर रखकर रोए जा रही थी।

  • अमेठी के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पंडित का गांव में गौतम कुमार (43) पुत्र राम भरोसे परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी, सात बेटियां और एक बेटा है। गौतम ड्राइवरी का काम करते थे। शुक्रवार को बड़ी बेटी मनीषा की शादी थी। बारात जामो थाना क्षेत्र के संभई गांव से आई थी।
  • घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। आंगन में मंडप सजा था। शाम करीब 7 बजे बारात पहुंच चुकी थी। द्वार पूजा की तैयारियां चल रही थीं। इस बीच बताया गया कि पूजा के लिए फल कम पड़ गए हैं। तभी पिता गौतम, रिश्ते के भाई आशाराम के साथ फल लेने बाइक से बाजार के लिए निकल गए।
  • लखनऊ-जौनपुर हाईवे पर जायस रोड के पास ओवरब्रिज से नीचे उतरते समय गौतम की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में गौतम कुमार और आशाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई।
  • दूसरी बाइक पर सवार बब्लू उर्फ विजय (28) निवासी ग्राम डोमाडीह को गंभीर हालत में तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। किशोरी दुर्गेश (15) निवासी पूरे मिश्रन बढ़ौली को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गौतम की बाइक रांग साइड से आ रही थी।

शादी की रस्मों के बीच मिली हादसे की खबर

परिजन ने बताया कि घर में शादी की रस्में चल रही थीं। सभी लोग पिता गौतम का इंतजार कर रहे थे, ताकि द्वारपूजा की रस्म शुरू की जा सके। इसी दौरान मौत की खबर आई। घर में कोहराम मच गया। बेटी मनीषा बेहोश होकर गिर पड़ी। बेटी की डोली उठने से पहले पिता की मौत की खबर ने पूरे घर को तोड़ दिया। हादसे की सूचना के बाद शादी की रस्में सादगी के साथ पूरी की गईं। फिर दुल्हन की विदाई कराई गई। बैंड-बाजा वापस कर दिया गया था।

गौतम कुमार की पत्नी मंजीता ने रोते हुए बताया, “मैं तो घर में लगन की तैयारी में व्यस्त थीं। पति फल लेने गए थे, तभी हादसे की खबर आ गई।"

गौतम कुमार की पत्नी मंजीता ने रोते हुए बताया, “मैं तो घर में लगन की तैयारी में व्यस्त थीं। पति फल लेने गए थे, तभी हादसे की खबर आ गई।”

पत्नी बोलीं- अब मेरा और बच्चों का क्या होगा

गौतम कुमार की पत्नी मंजीता ने रोते हुए बताया- घर में सात बेटियां और एक बेटा है। एक की शादी हो गई। अभी 6 बेटियां और बची हैं। मैं तो घर के काम में व्यस्त थी। वो फल लेने गए थे। शादी से कुछ देर पहले हादसे की खबर आई।

अब मैं अकेले इन बच्चों को कैसे पालूंगी। घर में कमाने वाला और कोई नहीं है। अब मेरा और मेरे बच्चों का क्या होगा। आशाराम की पत्नी मिथलेश कुमारी ने बताया कि उनके पति भी शादी के लिए सामान लेने गए थे। परिवार में पांच बच्चे हैं।

जगदीशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र यादव ने बताया-

QuoteImage

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।QuoteImage

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *