अयोध्या : पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा गुरुवार सुबह अयोध्या पहुंचे। रामलला के दर्शन किए। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों के साथ बैठक की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में कहा- इस बैठक में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे के बारे में और काम करने के तरीकों को समझा।
अगले 2 से 5 दिनों तक बैठक कर मंदिर से जुड़े कामकाज को अच्छी तरह समझूंगा। इसके बाद CEO के रूप में जिम्मेदारी संभालूंगा। हालांकि, इससे पहले सूचना आई थी कि उन्होंने CEO पद की जिम्मेदारी संभाल ली है।
जीतेंद्र मिश्रा ने कहा कि 17 साल की उम्र में देवरिया के अपने गांव से निकले। 60 साल की उम्र तक भारतीय वायु सेना में राष्ट्र सेवा की। अब भगवान श्रीराम ने राम मंदिर और राम भक्तों की सेवा करने का एक और अवसर दिया है।
इससे पहले सुबह 10 बजे जीतेंद्र मिश्रा अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने कहा- पुरानी बातों को छोड़कर आगे बढ़ने का समय है। मैं चयन समिति और भगवान श्रीराम का तहे दिल से आभारी हूं, जिन्होंने इस महान और पवित्र काम के लिए मुझे चुना।
हालांकि, राम मंदिर ट्रस्ट में तीर्थ क्षेत्र कार्यालय के गेट पर मीडिया को देखकर वह नाराज हो गए। सवाल पूछने पर कहा-

देखिए, मैं आप सबको पहचान रहा हूं, दोबारा आने नहीं दूंगा। अगर ये काम आप मेरे साथ करोगे।
हालांकि, गोविंद देवगिरी ने महासचिव, मोहन भागचंदका ने कोषाध्यक्ष, राम मंदिर के नए ट्रस्टी मोहन पांडेय और निर्मला यादव ने कार्यभार ग्रहण किया। बुधवार को ट्रस्ट की बैठक में इन लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। यह बदलाव मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामला सामने आने के 3 महीने के बाद हुआ।

राम मंदिर के कार्यालय गेट पर CEO मीडियाकर्मियों पर भड़क गए। कहा कि अगर आपने ऐसा किया, तो दोबारा आने नहीं दूंगा।
जन्माष्टमी से अर्चकों का नया ड्रेस कोड
दूसरी ओर, रामलला के अर्चकों के लिए नया ड्रेस कोड जन्माष्टमी से लागू करने की तैयारी है। 36 अर्चकों के लिए वाराणसी से 80 ड्रेस मंगाई गई हैं, जिनमें 40 अयोध्या पहुंच चुकी हैं।
ड्रेस पीले रंग की है। नीचे अचला होगा, जो लुंगी की तरह पहना जाता है, जबकि ऊपर उत्तरीय (कुर्तानुमा) होगा। दोनों वस्त्र सिले हुए नहीं होंगे और इनमें जेबें भी नहीं होंगी। एक ड्रेस सेट की कीमत 7 हजार रुपए बताई जा रही है।
नए CEO
- जीतेंद्र मिश्रा मूलरूप से देवरिया के बनकटा ब्लॉक के भोपतपुरा गांव के रहने वाले हैं। उन्हें 6 दिसंबर, 1986 को एयरफोर्स एकेडमी से भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वह इसी साल 30 अप्रैल को रिटायर हुए थे। भगवान राम में गहरी आस्था रखने वाले जीतेंद्र मिश्रा को रिटायरमेंट के महज 125 दिनों के भीतर राम मंदिर के CEO की नई जिम्मेदारी मिल गई।
- उनका पूरा परिवार दिल्ली में रहता है। परिवार में पत्नी सरिता सिंह, एक बेटा और एक बेटी हैं। सरिता सिंह एयरफोर्स वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (AFWWA) की अध्यक्ष रही हैं। पिता नथुनी मिश्रा दिल्ली यूनिवर्सिटी में कॉमर्स के प्रोफेसर थे।
- जितेंद्र मिश्रा के छोटे भाई डॉ. देवेंद्र मिश्रा दिल्ली में ही एक मेडिकल कॉलेज में प्रशासनिक पद पर हैं। बहन डॉ. वंदना मिश्रा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में प्रोफेसर हैं। जीतेंद्र मिश्रा ने 18 से अधिक तरह के फाइटर, ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट और हेलिकॉप्टर उड़ाए हैं।
CEO की नियुक्ति पर किसने क्या कहा

- हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास महाराज ने कहा- CEO साहब से निवेदन है कि वहां की व्यवस्था अच्छी तरह से रखें। अयोध्या में तमाम गोशाला हैं, उनको राम मंदिर ट्रस्ट गोद ले। अयोध्या में जो भक्त आएं, उनकी भोजन की व्यवस्था राम मंदिर ही करे। संतों की चिंता हो।
- डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- राम मंदिर के CEO की तैनाती हो चुकी है। मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं। प्रभु राम की कृपा से सब कुछ अच्छा हो, ऐसा मैं श्रीराम के चरणों में प्रार्थना करता हूं।
- सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- यह फैसला ट्रस्ट का है। ट्रस्ट के सामने बड़ी चुनौती उसकी साख को लेकर है। एसआईटी जांच के बाद एफआईआर और गिरफ्तारियां हुई हैं। आस्था सबसे ऊपर है और भाजपा ने आस्था को चोट पहुंचाई है। भाजपा ने श्रद्धा और आस्था से खिलवाड़ किया है। रामधन की चोरी कोई माफ नहीं करेगा।
- तपस्वी छावनी मंदिर के जगद्गुरु परमहंस आचार्य महाराज ने कहा- जीतेंद्र मिश्रा का राम मंदिर में CEO पद पर नियुक्त होना बहुत अच्छा है। हम लोग चाहते थे कि भारतीय सेना में से कोई न कोई इसमें हो। इससे सभी लोग खुश हैं।
- उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने कहा- CEO को बैठा देने और नए बोर्ड में नए लोगों को ला देने से क्या जो चढ़ावा चोरी का पैसा गायब हुआ, वो मिल पाएगा? चढ़ावा चोरों पर कार्रवाई नहीं हुई है। क्या एयर मार्शल साहब चोरों पर कार्रवाई करेंगे और उन्हें जेल भेजेंगे? जो चढ़ावे का पैसा खा गए, उनके खिलाफ कार्रवाई कब होगी?
- उत्तर प्रदेश के पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने CEO जीतेंद्र मिश्रा को लेटर लिखा है। इसमें लिखा- ट्रस्ट की अनियमितताओं की जांच पूरी कराई जाए। राम मंदिर ट्रस्ट करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा मामला है।
- कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा- बधाई हो। वह RSS का ही आदमी होगा। यह आस्था का मामला है, साधु संतों पर रहना चाहिए। मंदिर का काम पुजारी का है, लेकिन ये मंदिर में CEO ही बैठा रहे हैं। खूब चोरी कराओ, धंधा चलाओ।
- कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा- अभी भाजपा की मौजूदा सरकार सुप्रीम कोर्ट के जज में से किसी को राज्यपाल बना रही है, तो किसी को राज्यसभा का सदस्य बना रही है। लोगों के दिमाग में शक पैदा करती है। अब रिटायर्ड एयर चीफ को आपने राम मंदिर के ट्रस्ट का CEO बना दिया है। उनका इससे क्या लेना-देना है?
- ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने कहा- CEO का 40 साल का तजुर्बा फौज का है। यकीनी तौर पर राम मंदिर के अंदर सिक्योरिटी व्यवस्था को वो ठीक करेंगे। जो पैसा है, उसका सही उपयोग होगा और उसमें ट्रांसपेरेंसी होगी।

