बुलंदशहर : बुलंदशहर में राष्ट्रीय लोकदल के नेता की मॉर्निंग वॉक के दौरान मौत हो गई। जिला महामंत्री अमित चौधरी (28) रोज की तरह सुबह घर से टहलने निकले थे। वो अभी घर से 1 किलोमीटर दूर पहुंचे थे।
रास्ते में उनके कुछ जानने वाले भी मिले। जिनसे मिलकर वो आगे बढ़ गए। कुछ दूर जाने पर उनके पैर अचानक लड़खड़ाने लगे। संभलने के लिए वो पास में बने मकान की दीवार को पकड़ने का प्रयास करने लगे, लेकिन वो सड़क पर गिर गए।
अमित बोले- सीने में तेज चुभन हो रही है
आस पास टहल रहे लोग दौड़कर उनके पास पहुंचे। पूछने पर अमित ने कहा कि सीने में तेज चुभन हो रही है। वो लोग तुरंत अमित को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि हार्ट अटैक से अमित चौधरी की मौत हुई है।
ये घटना 20 मार्च की है। इसका वीडियो रविवार को सामने आया है। मामला बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र के मदनपुर गांव का है। परिजनों ने बताया कि अमित पूरी तरह स्वस्थ थे। उन्हें किसी भी तरह की बीमारी नहीं थी। वो फिट थे। उनकी कोई दवा भी नहीं चल रही थी। कुछ दिन पहले ही उनकी शादी तय हुई थी। घर पर खुशी का माहौल था। लेकिन पलभर में सारे सपने टूट गए।
अब देखिए. घटना की तीन तस्वीरें…

अमित गांव में टहलते हुए दिख रहे हैं।

अमित गांव के ही एक युवक से बात करते दिख रहे हैं।

अमित दीवार का सहारे लेने की कोशिश करते हैं लेकिन सड़क पर गिर जाते हैं।
मकान में लगे सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
ये पूरी घटना पास के मकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो में दिख रहा है, मॉर्निंग वॉक करते हुए अमित गांव हबीबपुर में अपने मामा के प्लाट पर पहुंचे। वो रास्ते में मिले एक युवक से बात करने लगते हैं। फिर आगे बढ़ते हैं, तभी उनको चक्कर आ गया।
अमित ने संभलने के लिए पास के मकान की दीवार पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले बेसुध होकर रोड पर गिर गए। यह देखते ही आसपास के लोग दौड़ते हुए उनके पास पहुंचे और उनको उठाया। अमित ने लोगों से कहा- मेरे सीने में चुभन हो रही है। लोग तुरंत उनको नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया।

कुछ दिन पहले तय हुई थी अमित की शादी
खुर्जा क्षेत्र के गांव मदनपुर निवासी अमित चौधरी युवा रालोद के जिला मंत्री थे। वह गांव में अपने माता-पिता के साथ रहते थे। गांव के पास में ही उनकी शटरिंग की दुकान भी है। अमित की हाल ही में शादी तय हुई थी। राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष पंकज प्रधान ने बताया, अमित हमेशा खुश रहता था। उसके अंदर कोई बुराई नहीं थी। अमित की मौत से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। रालोद पार्टी के कार्यकर्ता भी दुखी हैं।

सड़क पर टहल रहे लोग अमित को गिरते हुए देख दौड़कर आते हैं और उन्हें हॉस्पिटल ले जाते हैं।
परिजन बोले कोई बीमारी नहीं थी
अमित के पिता ने बताया, अमित पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें किसी भी तरह की बीमारी नहीं थी। दिल की समस्या या हाई ब्लड प्रेशर जैसी कोई परेशानी भी कभी नहीं हुई थी।