ललितपुर : सीएम योगी ने शनिवार को कहा- सपा सरकार चार बार सत्ता में रही, लेकिन ललितपुर को कुछ नहीं दिया। उनके पास विकास की सोच ही नहीं थी। प्रदेश की 25 करोड़ जनता हमारे लिए परिवार है। उनका विकास और सुरक्षा हमारा दायित्व है, लेकिन सपा के लिए सैफई ही परिवार था। वे सैफई के बाहर निकल ही नहीं सकते। कांग्रेस के लिए दिल्ली का परिवार ही देश था।
योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा-

सपा-कांग्रेस ने हर जिले में माफिया दिए। माफिया उनके लिए अवैध वसूली करते थे। जनता की कमाई पर डकैती डालते थे। गो-तस्करी करते थे। प्रदेश को बंजर बनाते थे। बीमारू राज्य के रूप में यूपी की पहचान बनाते थे। इनके निकम्मेपन के कारण बुंदेलखंड पिछड़ा था और अपने आप को ठगा महसूस करता था।
योगी ने कहा- यूपी के अंदर अब ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। इसी मिसाइल ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए थे। पाकिस्तान दुनिया के सामने त्राहिमाम-त्राहिमाम करने लगा था। हाथ फैलाकर जान की भीख मांग रहा था। यह है- नए भारत की ताकत।
योगी दोपहर 12 बजे ललितपुर पहुंचे। सबसे पहले तुवन मंदिर में दर्शन और पूजा-पाठ किया। राजकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन किया। 1,766 करोड़ की 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया।

सीएम योगी ने तुवन मंदिर में दर्शन और पूजा-पाठ किया।

ललितपुर में सीएम योगी को भाजपा नेताओं ने राम दरबार भेंट किया।
पहले ललितपुर के संसाधनों पर मुट्ठीभर लोगों का कब्जा था
सीएम ने कहा- आज ललितपुर बदल चुका है। कभी एक कोने में उपेक्षित पड़ा था। पिछली सरकारों की उपेक्षा का दंश झेला था। सड़क और बिजली नहीं थी। माता-बहनों को मिट्टी के घड़े में पानी ढोना पड़ता था। यहां के संसाधनों में लूट होती थी। चंद मुट्ठीभर लोगों का इस पर कब्जा था।
विकास से हर व्यक्ति जुड़ेगा, तभी किस्तम बदलेगी
सीएम योगी ने कहा- विकास ही जीवन में परिवर्तन लाएगा। हर व्यक्ति को इससे जोड़ना पड़ेगा। तब जाकर किस्मत बदलेगी। अब ललितपुर के पास अपना मेडिकल कॉलेज है। यहां डेढ़ हजार एकड़ में प्रदेश का पहला फार्मा पार्क बनने जा रहा है। इससे हजारों लोगों को नौकरी मिलेगी। अब मुझे अच्छा लगता है कि बहन और बेटियां सिर पर घड़ा लेकर नहीं निकलती हैं। अब हर घर नल योजना के तहत शुद्ध जल पहुंचाया जा रहा है।

