दैनिक उजाला, मथुरा : मथुरा में RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने सीएम योगी के कटेंगे तो बंटेंगे बयान का समर्थन किया। कहा- हिंदू समाज एकता से नहीं रहेगा तो आजकल की भाषा में कटेंगे तो बंटेंगे हो सकता है।

समाज में अगड़ा-पिछड़ा, जाति-भाषा भेद से करेंगे तो हम कटेंगे। इसलिए एकता जरूरी है। हिंदू समाज की एकता लोक कल्याण के लिए है। वह सबके लिए सुख प्रदान करेगा। हिंदुओं को तोड़ने के लिए शक्तियां काम कर रही हैं। उनको आगाह करने के लिए करना पड़ता है।

क्या संघ और भाजपा में खींचतान चल रही है? इस सवाल पर होसबाले ने कहा- हम सार्वजनिक संगठन हैं। हमारी किसी के साथ खींचतान नहीं। हम भाजपा, कांग्रेस, उद्योगपति सभी लोगों से मिलते हैं। हम चाहते हैं कि समाज में नफरत न हो।

अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करते RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले।

अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करते RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले।

दत्तात्रेय की बड़ी बातें पढ़िए—

1- हिंदू समाज अपनी रक्षा करे और संगठित होकर रहे…

कई जगहों से धर्मांतरण के मामले आ रहे हैं। दुर्गा पूजा और गणेश विसर्जन के समय हमले भी हुए हैं। हिंदू समाज अपनी रक्षा करे और संगठित होकर रहे। इस बार 100वें वर्ष में संघ प्रवेश किया है। 100 साल पूरे होने पर शताब्दी वर्ष बड़े पैमाने पर मनाएंगे। इस साल देशभर 6645 शाखाएं बढ़ी हैं।

2- प्राकृतिक आपदाओं में स्वयंसेवक आगे आएं

किसी को कष्ट हो तो स्वयंसेवक तुरंत दौड़ता है। प्राकृतिक आपदाओं में मदद के लिए आगे आता है। ऐसी ही कुछ घटनाएं बताते हैं। जैसे जुलाई में पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर नदी में बाढ़ आई। स्वयंसेवकों ने इसमें 25 हजार लोगों की मदद की। जान बचाई, खाने की चीजें भेजी। ओडिशा के पुरी में बाढ़ आई। 40 हजार लोगों की सहायता की। अभी भी दाना चक्रवात चल रहा है। जिसमें स्वयंसेवक सेवा दे रहे हैं।

3- वायनाड में मुस्लिमों का स्वयंसेवकों ने अंतिम संस्कार किया

केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड हुआ। 1000 स्वयंसेवक सेवा के लिए उतरे। हिंदू-मुस्लिम सबकी सामान रूप से मदद की गई। मुस्लिम लोगों की मृत्यु हुई तो उनकी मान्यताओं के अनुसार स्वयंसेवकों ने उनका अंतिम संस्कार किया।

4- मोबाइल से कुसंस्कार न बढ़े, इसे समझें

बच्चों के हाथ में मोबाइल आ गए हैं। ज्ञान प्राप्त करना अच्छी बात है, लेकिन उनमें केवल ज्ञान नहीं आ रहे हैं। मन को चंचलित करने और कुसंस्कार वाली चीजें आ जाती हैं। इस पर भी थोड़ा नियंत्रण होना चाहिए। बच्चों को इससे बचाना चाहिए।

  • प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों के दिए जवाब

सवाल- OTT प्लेटफॉर्म से बच्चों पर दुष्प्रभाव पड़ रहा। उस पर क्या चर्चा हुई?

जवाब: OTT पर कानून लाना चाहिए, जैसे फिल्म में सेंसर बोर्ड है। सरकार भी इस पर विचार करे। बांग्लादेश के संदर्भ में भारत सरकार ने सभी समाज की मदद की। संघ ने भी यह माना कि वहां का हिंदू समाज वहीं रहेगा। पलायन नहीं करना चाहिए, डटे रहना चाहिए। हिंदू वहां रह रहा तो उसकी रक्षा होनी चाहिए। संघ के विचारों से जुड़े बांग्लादेश में भी लोग एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं।

सवाल: श्रीकृष्ण जन्मस्थान केस पर क्या कहेंगे? जवाब: श्रीकृष्ण जन्मस्थान केस कोर्ट में है। मैं आशा करता हूं कि कोर्ट इस मुद्दे को जल्दी सुलझाए। अयोध्या का मामला सुलझ गया। हर केस को उसी प्रकार करना जरूरी नहीं। कोर्ट पर विश्वास करें। हिंदू समाज आवाज उठा रहा, हम उसके साथ है।

सवाल: लव जिहाद और धर्म परिवर्तन पर क्या चर्चा हुई?

जवाब: लव जिहाद पर संघ 25 साल से काम कर रहा है। कई हिंदू संगठनों के साथ मिलकर स्वयंसेवक हिंदुओं को जागरूक कर रहा है। हमारी बच्चियों को बचाना हम सबका काम है। केरल में करीब 200 युवतियों को बचाया। बच्चियां वापस आईं तो कई समस्याएं आईं। समाज उन्हें कैसे स्वीकार करेगा। शादी कैसे होगी। इस पर वहां की एक संस्था ने मदद की। संघ संस्था के साथ खड़ा रहा। वापस आने वाली बच्चियों ने प्रण लिया कि अब हम दूसरी बच्चियों को बचाएंगे।

सवाल: वक्फ अमेडमेंट बिल को लेकर JPC बनाई गई। JPC की हर मीटिंग में विपक्ष सरकार पर हमलावर है। इस मुद्दों को कैसे देखते हैं?

जवाब: साल 2013 तक इसमें कोई विशेष समस्या नहीं थी। यूपीए सरकार के समय में ऐसे कई अमेडमेंट हुए। ये विशेष साजिश के तहत हुआ था। उसे अब ठीक करना ही पड़ेगा।

सवाल: क्या इस कार्यकारिणी बैठक में योगी भी शामिल हुए। भाजपा को कोई संदेश दिया है?

जवाब: हम संदेश सबको दे रहे हैं। किसी पार्टी को मैसेज देने के लिए हमारी कार्यकारिणी नहीं है। योगी से 30 मिनट चर्चा हुई। कुंभ पर बात की। तब योगी ने कहा कि पिछली बार उन्हें सत्ता में आए सिर्फ 1 साल हुआ था। इस बार योगीजी ने कहा कि अब काफी अनुभव हो गया है। इस कुंभ को पिछले से बेहतर योजनाओं के साथ सफल बनाएंगे। संघ देशभर से लोगों को कुंभ पहुंचाने में मदद करेगा। संघ और सरकार की इस पर बात हुई है।

5 परिवर्तन लाने की अपील

दत्तात्रेय ने कहा- RSS प्रमुख ने पंच परिवर्तन का उल्लेख किया है। 1- कुटुंब प्रबोधन, 2- सामाजिक समरसता, 3- पर्यावरण संरक्षण, 4- स्वदेशी जीवन शैली, 5- नागरिक कर्तव्य। इन 5 विषयों को अपने जीवन में आदत डालें। दूसरे लोगों को भी प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

banner