रायबरेली/अमेठी : राहुल गांधी ने रायबरेली में बुधवार को कहा, ‘जब RSS के कार्यकर्ता आपके सामने आएंगे तो उनसे खुलकर कहिएगा कि आपका प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और संगठन गद्दार है। आपने हिंदुस्तान को बेचने का काम किया है।’
कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘अब आर्थिक तूफान आ रहा है। मोदी आपको बचा नहीं पाएंगे। याद रखना, जैसे कोविड और नोटबंदी के समय रोए थे, कहा था- मुझे फांसी पर लटका देना। वैसे ही टीवी पर फिर आएंगे। हाथ जोड़ेंगे। रोएंगे। कहेंगे- मेरी गलती नहीं है।’
उन्होंने कहा, ‘मैं आपको बता रहा हूं, गलती सिर्फ नरेंद्र मोदी, अमित शाह और RSS की है, क्योंकि इन्होंने इसे (संविधान) खत्म किया है।’ राहुल लोधवारी गांव में बहुजन स्वाभिमान सभा को संबोधित कर रहे थे।
राहुल ने X पर लिखा- मोदी इटली में कैंडी बांट रहे
राहुल ने अपने X अकाउंट पर लिखा- हमारे सिर पर आर्थिक तूफान मंडरा रहा है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में कैंडी बांट रहे हैं। किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूर और छोटे दुकानदारों की आंखों में आंसू हैं, लेकिन हंस रहे हैं और रील बना रहे हैं। भाजपा के लोग इस पर ताली बजा रहे हैं। ये लीडरशिप नहीं, मजाक है।

पीएम मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे। उन्होंने इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी गिफ्ट की।
राहुल दो दिन के दौरे पर 19 मई (मंगलवार) को रायबरेली पहुंचे थे। बुधवार दोपहर 2 बजे रायबरेली से अमेठी पहुंच गए हैं। यहां संजय गांधी अस्पताल में मरीजों से मुलाकात करेंगे। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद राहुल 6 बार रायबरेली आ चुके हैं। यह उनका 7वां दौरा है। इससे पहले, वे 19 जनवरी 2026 को रायबरेली आए थे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल 2027 में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं।

राहुल गांधी ने रायबरेली में समर्थकों को देखकर अपना काफिला रुकवाया। उनसे हाथ मिलाया और हालचाल पूछा।

बहुजन स्वाभिमान सभा में राहुल के पहुंचने पर कांग्रेसियों ने जिंदाबाद के नारे लगाए। पैर भी छुए।
पीएम मोदी और शाह ने आपका पैसा जेब से निकाल लिया- राहुल

संविधान कहता कि आरक्षण होना चाहिए। ज्यूडीशियरी में न्याय होना चाहिए, फ्री एंड फेयर मीडिया होना चाहिए। लेकिन नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस ने इसे खत्म कर दिया। आपका पैसा जेब से निकाल लिया। पब्लिक सेक्टर को प्राइवेट कर दिया। यूनिवर्सिटीज में आरएसएस के वाइस चांसलर बिठा दिए। उनको न तो हिस्ट्री आती है न जॉग्रफी।
पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं, तब अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे
राहुल गांधी ने कहा- आपके मुंह के सामने आरएसएस के लोग संविधान को फाड़कर फेंकते हैं तो आप चुप हो जाते हैं। ये आपका खून है, इसकी रक्षा करना आपकी जिम्मेदारी है।
आर्थिक तूफान आने वाला है। कुछ ही महीनों में देखिएगा, पेट्रोल-डीजल, गैस और दाल चावल के दाम कहां जाते हैं। आज जब पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं, तब अंबानी पेट्रोल हिंदुस्तान से बाहर भेज रहे हैं। अंबानी रूस से पेट्रोल खरीदकर विदेशों में बेचते हैं। उसी पैसे से वे नरेंद्र मोदी की फंडिंग करते हैं। यही सच्चाई है।
गुरुनानक-कबीर बुद्ध भगवान इन सबकी आवाज इस संविधान में
राहुल गांधी ने कहा- आज हम वीरा पासी को याद कर रहे हैं लेकिन जब मैं भाषण सुन रहा था तो सोच रहा था कि जो विचारधारा अंबेडकर की थी। उसे खत्म किया जा रहा है। ये मत सोचिए कि कोई मामूली किताब है। ये एक विचारधारा है जो अंबेडकर, गांधी और वीरा पासी के खून में थी। ये किताब आजादी के बाद लिखी गई। इसमें आपको कोई न कोई मिलेगा जो इसके लिए लड़ा था और मरा था। गुरुनानक-कबीर बुद्ध भगवान इन सबकी आवाज इस संविधान में है। हम लोग फोटो के सामने हाथ जोड़ लेते हैं लेकिन जब वीरा पासी की विचारधारा का अपमान किया जाता है उसके चीथड़े उड़ाए जाते हैं तो हम चुप हो जाते हैं।

