- बीजेपी विधायक के धमकी भरे रवैये को लेकर कांग्रेस ने जमकर निशाना साधा है, कांग्रेस ने बीजेपी विधायक के खिलाफ FIR की भी मांग की है
शिवपुरी : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बयान को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। विधायक पर आरोप है कि उन्होंने एक पुलिस अधिकारी (SDOP) को खुलेआम धमकी देते हुए 5 दिन के भीतर माफी मांगने को कहा है। धमकी देते हुए विधायक ने कहा कि 5 दिन में माफी मांगो नहीं तो घर गोबर से भरवा दूंगा।
बिधायक के बेटे ने थार से लोगों को कुचला
मामला उस घटना से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें विधायक के बेटे दिनेश लोधी की थार गाड़ी से पांच लोगों को कुचलने की घटना सामने आई थी। इस मामले की जांच के दौरान संबंधित SDOP (उप पुलिस अधीक्षक) की कार्रवाई से नाराज होकर विधायक ने उन्हें धमकी दी। आरोप है कि विधायक ने कहा कि यदि 5 दिन में माफी नहीं मांगी गई, तो वह 10 हजार लोगों के साथ SDOP के घर पहुंचेंगे और घर गोबर से भरवा देंगे।
विधायक ने पुलिस अधिकारी को दी खुलेआम धमकी
विधायक के इस धमकी भरे बयान के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति बन गई। अधिकारियों के बीच इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा खुलेआम पुलिस अधिकारी को इस तरह की चेतावनी देना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत माना जा रहा है।
पीएम मोदी और अमित शाह का भी लिया नाम
विवाद उस समय और बढ़ गया, जब विधायक ने पुलिस अधिकारी से सीधे सवाल किया कि क्या पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह का आदेश है। विधायक के इस पूरे धमकी भरे अंदाज को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
कांग्रेस ने विधायक के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की
इस पूरे मामले पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि जब पुलिस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। पार्टी ने विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की है।
जानिए क्या बोली पुलिस?
शिवपुरी के करेरा में 16 अप्रैल की सुबह काले रंग की थार और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में पांच लोग घायल होने के मामले में पुलिस ने विधायक के बेटे आरोपी दिनेश लोधी को थाने बुलाकर बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का निरीक्षण किया।
आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान जब्त की गई थार में काली फिल्म और अवैध हूटर मिलने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया गया है। वहीं ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ ग्वालियर में पहले से मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

