- ‘मुझे टॉर्चर किया गया-एनकाउंटर की धमकी दी गई’, शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या मामले में छूटे राज सिंह ने बयां किया दर्द
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में लगातार कार्रवाई और एक्शन जारी है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस हत्या के मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने हत्या की जांच के दौरान बलिया के राज सिंह नाम के शख्स को गिरफ्तार किया था, जो कि गलत पहचान का मामला निकला। अब राज सिंह को सीबीआई ने अपनी जांच पड़ताल पूरी करने के बाद निर्दोष करार देते हुए बाइज्जत बरी कर दिया है। जेल से बाहर आने के बाद राज सिंह ने चौंकाने वाला दावा किया है।
सुवेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड में गिरफ्तार राज सिंह, जिन्हें सीबीआई ने रिहा कर दिया, ने कहा- “मुझे गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया था, मुझे किसी और राज कुमार सिंह समझ लिया गया था। मैं अपनी मां के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गया था। घर लौटते समय पुलिस की एक टीम ने मुझे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी, न ही सबूत मांगे। उन्होंने मुझे एनकाउंटर की धमकी दी और जबरन कबूलनामा करवाने की कोशिश की।
राज सिंह ने कहा- “बाद में मुझे कोलकाता ले जाया गया, जहां सीआईडी ने मुझे टॉर्चर किया और उस अपराध को कबूल करने को कहा जो मैंने किया ही नहीं था। उनका इरादा मुझे अपराधी साबित करना था। जब सीबीआई ने जांच की, तो उन्होंने जनता के सामने सच्चाई उजागर की और मुझे निर्दोष साबित किया। मैं निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई का आभारी हूं।”
राज सिंह ने कहा- “मैं मुख्यमंत्री योगी जी से उस पुलिस टीम के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील करता हूं। मैं भाजपा में रहा हूं-मेरे पिता भी भाजपा में थे। मैं क्षत्रिय महासभा से जुड़ा रहा हूं, लेकिन किसी भी संगठन ने मेरा समर्थन नहीं किया। हर रात मुझे डर लगता था कि मुझे झूठे आरोप में उठाकर मुठभेड़ में मार दिया जाएगा, जबकि मेरे खिलाफ कोई मामला नहीं था। भला कौन नहीं डरेगा?”

