- जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर को पतंगों से सजाया; शाह ने अहमदाबाद में पतंग उड़ाई
नई दिल्ली/प्रयागराज/अहमदाबाद, लुधियाना : मकर संक्रांति के मौके पर मंगलवार पतंगबाजी से हुए हादसों में गुजरात में 6 लोगों की मौत हो गई।
राजकोट के राहटलाव गांव में 5 साल के कुणाल की मांझे से गर्दन कट गई। वह पिता के साथ बाइक पर गुब्बारे लेने जा रहा था। सुरेंद्रनगर के ईश्वरभाई तारशीभाई ठाकोर की मांझे की चपेट में आने से मौत हो गई।
महेसाणा के कडी के कस्बा क्षेत्र में बिजली लाइन पर गिरी पतंग को हटाने के प्रयास में एक महिला करंट की चपेट में आ गई। उसे बचाने गए उसके भाई की करंट से मौत हो गई।
वडोदरा शहर भी पतंग के मांझे से 6 घटनाएं हुई। इनमें से पांच लोग घायल हुए, जबकि छानी इलाके में रहने वाली माधुरी कौशिकभाई पटेल (35) की मौत हो गई है।
वडोदरा शहर में ही पतंग उड़ाते वक्त छत से गिरने से एक शख्स की मौत हो गई। वहीं, वडनगर तालुका के वडबर गांव में मांझे की चपेट में आने से मंसाजी रागुंजी ठाकोर (35) की मौत हो गई।

वडोदरा में पतंग के मांझे से तीन युवक घायल हो गए।
देशभर में मकर संक्रांति, पोंगल, बिहू उत्सव मनाया जा रहा
प्रयागराज में मकर संक्रांति के मौके पर महाकुंभ का पहला अमृत स्नान हुआ। इसमें 3.5 करोड़ लोगों ने डुबकी लगाई।
गुजरात के अहमदाबाद में भी काइट फेस्टिवल मनाया जा रहा है। महोत्सव में भाग लेने के लिए देश के 11 राज्यों से 52 और 47 देशों से 143 पतंगबाज पहुंचे हैं। अमित शाह ने अहमदाबाद में पतंग उड़ाई।
वहीं, राजस्थान में भी पतंगबाजी का उत्सव मनाया जा रहा है। जयपुर के परकोटा स्थित गोविंद देवजी मंदिर में आज पतंगों की झांकी सजाई गई है। भक्त दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
तमिलनाडु में पोंगल के मौके पर घरों में रंगोली सजाई गई। चेन्नई एयरपोर्ट में लाइटिंग की गई। वहीं बैलों की दौड़ जल्लीकट्टू भी आज से शुरू हो गई। असम में लोग बिहू का त्योहार मना रहे हैं।
पीएम मोदी ने नई दिल्ली में लोहड़ी और मकर संक्रांति के उत्सव में भाग लिया।
प्रयागराज के कुंभ में मकर संक्रांति के मौके पर साधु-संतों ने संगम में अमृत स्नान किया।

तमिलनाडु के त्रिची में महिलाओं ने घर को रंगोली से सजाया। इस दौरान रंगों से देवी मां की तस्वीर बनाई।

तमिलनाडु के थूथुकुडी में लोग पोंगल उत्सव मना रहे हैं। पोंगल त्योहार फसल के मौसम के आगमन का प्रतीक है।

असम के नगांव में लोगों ने पारंपरिक मेजी (अलाव) जलाया। असम में फसल के उत्सव का त्योहार बिहू नाम से जाना जाता है।

एक्टर अक्षय कुमार और परेश रावल ने जयपुर के पास सिसोदिया रानी का बाग में मंगलवार को पतंगबाजी की।

गुजरात के अहमदाबाद में मकर संक्रांति पर लोग छत पर पतंग उड़ा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल के गंगासागर में मकर संक्रांति के अवसर पर लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई।

मकर संक्रांति के मौके पर अमृतसर के गोल्डन टेंपल में श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
मकर संक्रांति से जुड़ी मान्यताएं
- इस संक्रांति पर ठंड का समय रहता है, इसलिए इस दिन गर्म तासीर वाली तिल-गुड़ के लडडू खाने की परंपरा है और जरूरतमंद लोगों को तिल-गुड़ मिल सके, इसलिए संक्रांति पर दान करने की परंपरा है।
- सूर्य से विटामिन डी मिलता है, जो हड्डियों और स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। ठंड के दिनों में हम गर्म कपड़े पहनते हैं, इस वजह सूर्य की धूप सीधे शरीर तक नहीं पहुंच पाती है, जिससे हमें विटामिन डी नहीं मिल पाता है। संक्रांति पर पतंग उड़ाई जाती है, ताकि लोग कुछ समय सूर्य की सीधी धूप में रहें और स्वास्थ्य लाभ हासिल कर सकें।
- इस संक्रांति पर गंगा, यमुना, नर्मदा, शिप्रा जैसी पवित्र नदियों में स्नान और स्नान के बाद नदी के घाट पर दान-पुण्य करने की परंपरा है।
MP में शिप्रा-नर्मदा घाटों पर उमड़ी भीड़: कड़ाके की ठंड में श्रद्धालु लगा रहे आस्था की डुबकी; महाकाल को लगा तिल-गुड़ का भोग

मध्य प्रदेश में मकर संक्रांति पर्व पर उज्जैन की शिप्रा नदी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य किया और भगवान महाकाल का आशीर्वाद भी ले रहे हैं। मकर संक्रांति पर बाबा महाकाल को तिल के उबटन से स्नान कराने के बाद तिल से बने पकवानों का भोग अर्पित किया गया।
UP में महाकुंभ का पहला अमृत स्नान; स्टीव जॉब्स की पत्नी ने प्रयागराज के संगम में डुबकी लगाई

महाकुंभ का पहला अमृत स्नान (शाही स्नान) मंगलवार सुबह 6.15 बजे से शुरू हुआ। संन्यासियों के हाथों में तलवार-त्रिशूल, डमरू। पूरे शरीर पर भभूत। घोड़े और रथ की सवारी। हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए नागा साधु-संत संगम पहुंच रहे हैं। स्टीव जॉब्स की पत्नी ने प्रयागराज के संगम में डुबकी लगाई।
मकर संक्रांति पर राजस्थान के जयपुर और सीकर में पतंगबाजी का जोश, सुबह से छत पर चढ़े लोग

राजस्थान में मकर संक्रांति मनाई जा रही है। इसके साथ जयपुर, सीकर समेत प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार सुबह से ही पतंगबाजी शुरू हो गई। जयपुर के परकोटा स्थित गोविंद देवजी मंदिर में आज पतंगों की झांकी सजाई गई है। सुबह से ही लोग दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
बिहार में मकर संक्रांति पर गंगा घाट पर श्रद्धालु की भीड़: 19 साल बाद भौम-पुष्य योग का खास संयोग

बिहार में आज यानी 14 जनवरी को मकर संक्रांति भौम-पुष्य योग में मनाई जा रही है। यह संयोग 19 सालों बाद बना है। दोपहर 2:55 बजे सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेगा। इसके साथ ही आज से सूर्यदेव उत्तरायण हो जाएंगे। पटना समेत बिहार के अलग-अलग गंगा घाट पर श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे रहे हैं।
पंजाब में माघी मेला, 2 लाख श्रद्धालु पहुंचे: मुगल की कब्र पर जूते मारे

पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में आज माघी का शाही स्नान हो रहा है। यहां गुरुद्वारा श्री टूटी गंडी साहिब के सरोवर में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। रात 12 बजे स्नान के लिए कपाट खोल दिए गए थे। 9 डिग्री तापमान में सरोवर में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मुगल सैनिक की कब्र पर श्रद्धालुओं ने जूते मारे। अब तक करीब 2 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।