Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

NDA मंगल मिशन बैठक में पीएम मोदी का NEET पर बड़ा बयान, कहा- ‘छात्रों के भविष्य के साथ बुरा नहीं होने देंगे’

  • NEET मामले को पीएम मोदी ने एनडीए की मंगल मिशन बैठक में बयान दिया है, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी जानकारी देते हुए कहा, ‘बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ बुरा नहीं होने देंगे

दिल्ली में आज एनडीए संसदीय दल की बैठक हुई। इसका नाम ‘मंगल मिलन’ दिया गया। पीएम मोदी भी इस बैठक में शामिल हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने NEET परीक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया। बैठक के बारे में जानकारी देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक में कहा है कि सरकार NEET परीक्षा पेपर लीक को लेकर चिंताओं के बीच “छात्रों के साथ खड़ी है” और उन्होंने गड़बड़ी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

“युवा शक्ति देश की ताकत”

पीएम ने NDA मंगल मिलन बैठक में कहा, “भारत की युवा शक्ति, देश की ताकत है। भारत की युवा शक्ति देश और दुनिया में परचम लहरा रही है। हमारे युवाओं ने स्पेस को खोल दिया है। स्पेस के कचरे को भी युवा नियंत्रित कर रहे हैं। युवा कितना कुछ कर रहे हैं और जब तक वो 56 के होंगे, वो कितने बड़े काम करेंगे। देश के नौजवानों का सामर्थ्य बहुत बड़ा है। साल 2047 तक देश के युवा भारत को विकसित कर देंगे, ये भरोसा है। 2014 में मैंने कहा था कि भाजपा की जीत को विरोधी पचा नहीं पाएंगे। झूठे नैरेटिव फैलाए गए, लेकिन तब भी हमारा ग्रोथ हुआ। किसानों के हित के लिए कितना कुछ किया गया।”

“बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखना है”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “हिमाचल प्रदेश के पास तनख़्वाह देने के पैसे नहीं, कर्नाटक राजनीतिक अखाड़ा बन गया है। पंजाब की स्थिति भी बहुत खराब है, इन राज्यों में भी कैसे मंगल हो, हमें इसके लिए काम करना है। ये दुर्भाग्य है कि अपने निजी स्वार्थ के लिए विद्या में भी कमी ढूंढते हैं, गिरोह बने हुए हैं। देश के युवा शक्ति का मंगल कैसे हो, इसके लिए काम करना है। नीट को लेकर बच्चों के भविष्य को सुरक्षित रखना जरूरी है। छात्रों को हुई तकलीफ के बाद सरकार ने फोकस कर और राज्यों की सरकारों को साथ लेकर अच्छी तरह से परीक्षा कराई।”

“पेपर लीक मामले में 13 लोग जेल में हैं”

पीएम मोदी ने कहा, “देश के बच्चों के भविष्य के साथ बुरा नहीं होने देंगे। नीट पेपर लीक में 13 लोग जेल में हैं, इनको सजा दिलाने के लिए धुरंधर वकील इनके खिलाफ खड़े हों, सरकार पूरी तरह से लगी है। विभाग कार्रवाई कर रहा है। रिजल्ट भी आ चुका है, बच्चों और उनके अभिभावकों से भी चर्चाएं की गई हैं। बालक मन को गुमराह करना आसान और राह दिखाना कठिन होता है। गुमराह करने वाले गुमराह करते रहेंगे, लेकिन हम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे।”

री-एग्जाम को दी गई प्राथमिकता

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “NEET परीक्षा के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि पेपर लीक की खबरें सामने आते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई की और 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। साथ ही, यह सुनिश्चित करने के लिए कि छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, NEET की दोबारा परीक्षा को प्राथमिकता दी गई, इसे सफलतापूर्वक आयोजित किया गया और बिना किसी देरी के नतीजे घोषित कर दिए गए।” 

आरोपियों को भेजा गया जेल

किरेन रिजिजू ने आगे बताया, “प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह के पेपर लीक को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए गए हैं। पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने अपील की कि देश के शीर्ष वकीलों की मदद से उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए, ताकि ऐसे गंभीर अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ मिसाल कायम करने वाली कार्रवाई हो और ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।”

पेपर लीक दलगत राजनीति का मामला नहीं

उन्होंने आगे कहा, “पीएम मोदी ने यह भी कहा कि पेपर लीक सिर्फ एक राज्य का मामला नहीं है। यह सिर्फ केंद्र का मामला नहीं है, हर एक राज्य में जहां-जहां पेपर लीक हो रहा है, जो लोग इस धंधे में लिप्त हैं, उनको सजा देने के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए। ये दलगत राजनीति का मामला नहीं है, ये पूरे देश का मामला है। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो, इसके लिए सख्ती से कदम उठाए जाएं और सजा दिलाने के लिए मिलकर काम हो, ऐसा निर्देश पीएम मोदी ने दिया है।”

FTA में किसानों के हितों को प्राथमिकता

नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की संसदीय दल की बैठक ‘मंगल मिलन’ को लेकर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “प्रधानमंत्री ने सभी को मार्गदर्शन दिया, यह बैठक बहुत सार्थक रही। प्रधानमंत्री ने कई अहम मुद्दों पर बात की और अपना मार्गदर्शन दिया। उन्होंने हाल के महीनों में देश की कामयाबियों का जिक्र किया और अलग-अलग देशों के साथ हुए FTA (मुक्त व्यापार समझौतों) के बारे में बात की। इन समझौतों को लेकर प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी; उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के साथ होने वाले FTA में किसानों का कल्याण सबसे अहम होता है, ताकि ये समझौते किसानों और देश, दोनों के ही सर्वोत्तम हितों को पूरा कर सकें।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *