नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू हो गया है। CJP का संसद मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने सोमवार शाम 5 बजे जंतर-मंतर खाली करा दिया था।
प्रदर्शनकारी और अभिजीत दीपके 6 घंटे बाद फिर लौट आए। सोमवार रात 11 बजे तक भारी तादाद में लोग जमा हो गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
दीपके ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि मंगलवार को भी संसद मार्च करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होने तक आंदोलन जारी रहेगा और जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे।
प्रदर्शनकारी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत तीन मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। सोमवार को दीपके समेत CJP समर्थकों ने संसद तक मार्च किया था।
पिछले 14 साल में पहली बार प्रदर्शनकारियों की भीड़ संसद के दरवाजे तक पहुंची है। इससे पहले, 2012 में निर्भया कांड के विरोध में इस इलाके में बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुआ था।

जंतर-मंतर पर सोमवार सुबह प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए।

जंतर-मंतर पहुंचे प्रदर्शनकारी हाथों में झंडा लिए नजर आए।
20 जुलाई के बड़े अपडेट्स
- कॉकरोच जनता पार्टी ने सोमवार को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला। सुबह 8 से शाम 5 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान कई बार प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई।
- जेपी नड्डा और कॉकरोच जनता पार्टी के डेलीगेशन के बीच बातचीत हुई। नड्डा ने कार्रवाई न करने का आश्वासन दिया। CJP प्रतिनिधिमंडल ने 3 मांगें रखीं।
- धर्मेंद्र प्रधान और अमित शाह के बीच लंबी बैठक हुई, लेकिन बातचीत का विषय क्या था, इसकी जानकारी सामने नहीं आई।
- अभिजीत दीपके ने अनशन तोड़ा, उनके अलावा 22 दिन से भूख हड़ताल कर रहे 3 और स्टूडेंट्स ने अनशन खत्म कर दिया।
- सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ने से इनकार कर दिया। कहा- शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बर्बरतापूण कार्रवाई की है।
- दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम की पत्नी गीतांजलि अंग्मो की याचिका पर सुनवाई की। वांगचुक की हेल्थ रिपोर्ट मांगी। आज फिर सुनवाई होगी।
- नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि झड़पों में 90 से 100 पुलिसकर्मी और 50 से ज्यादा प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं।
सोमवार रात जंतर-मंतर पर पहुंचे CJP समर्थक

जंतर-मंतर पर CJP समर्थक रात 9 बजे से पहुंचने लगे थे।

CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोमवार रात जंतर-मंतर पर समर्थकों से बात की।
सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में धरने पर बैठे
सांसद चंद्रशेखर आजाद संसद परिसर में धरने पर बैठे हैं। उनका यह विरोध प्रदर्शन पेपर लीक मामले और कल CJP के विरोध मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ है। वह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल आज 11 बजे प्रेस काफ्रेंस करेंगे
अरविंद केजरीवाल आज सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसकी जानकारी उन्होंने X पर पोस्ट कर दी। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि मोदी सरकार द्वारा कल छात्रों पर किए गए दमन के खिलाफ आज सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा। इसके बाद घायल लोगों से मिलने आरएमएल अस्पताल जाऊंगा।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन हिंसा मामले में 5 FIR दर्ज कीं
दिल्ली पुलिस ने अब तक कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और अन्य थानों में 5 FIR दर्ज की हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी FIR दर्ज की जा सकती हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई
सफदरजंग अस्पताल ने सोनम वांगचुक की हेल्थ रिपोर्ट जारी की

सफदरजंग अस्पताल ने बताया कि सोनम वांगचुक का इलाज वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में जारी है।
अस्पताल के मुताबिक, सोनम वांगचुक के सभी वाइटल पैरामीटर्स स्थिर हैं, लेकिन उनका ब्लड शुगर स्तर अभी भी सामान्य से कम बना हुआ है। उनमें लगातार पैनसाइटोपेनिया की स्थिति बनी हुई है, जिसमें एनीमिया (खून की कमी) और ल्यूकोसाइट्स की कम संख्या शामिल है।
वांगचुक को फिलहाल ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) और मुंह के जरिए पोटैशियम सप्लीमेंट दिए जा रहे हैं। हालांकि, बार-बार चिकित्सकीय सलाह दिए जाने के बावजूद उन्होंने नसों के जरिए तरल पदार्थ (IV फ्लूइड्स) और ग्लूकोज लेने से इनकार किया है।
पुलिस संसद मार्च के CCTV फुटेज जांच रही है
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ प्रदर्शन में हुई हिंसा की जांच दिल्ली पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो देखकर उपद्रवियों की पहचान कर रही है।
पुलिस के पास मोबाइल, सीसीटीवी, ड्रोन और बॉडी कैमरों से मिली 250 से ज्यादा वीडियो फुटेज हैं। इनकी मदद से हिंसा में शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है।

