• अप्रैल माह में ऑस्ट्रेलिया में होगा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन – मनोहर लाल

चंडीगढ़ : हरियाणा के राज्यपाल व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अध्यक्ष बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता की जन्मस्थली धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को विश्व मानचित्र पर भव्य दृष्टि से विकसित करने के लिए बेहतर योजनाएं तैयार की जाएं ताकि लोगों को इसके महत्व के बारे में और अधिक जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र को वाराणसी की तर्ज पर इसकी गरिमा को बनाए रखते हुए कार्य योजना तैयार की जाए, जिसमें ब्रह्मसरोवर के आसपास महाभारत युद्ध के पात्रों की मूर्तियों के सजीव चित्रण का वर्णन देखने को मिले। उन्होंने गीता के व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी।

बंडारू दत्तात्रेय हरियाणा राजभवन में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड प्रबंधन मंडल की 81वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में कुल 20 एजेंडे रखे गए जिन पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव – 2022 की भव्य पुस्तिका का भी विमोचन किया गया, जिसमें गीता जयंती के दौरान किए गए कार्यक्रमों के झरोखे एवं गतिविधियों का विस्तार से उल्लेख किया गया है।

राज्यपाल ने निर्देश दिए कि कुरूक्षेत्र के 48 कोस के 134 तीर्थ स्थलों की भूमिका पर एक बुकलेट भी तैयार की जाए और इन क्षेत्रों में सरंचनात्मक ढांचा भी विकसित किया जाए ताकि उनका ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ हो सके। उन्होंने कहा कि कुरूक्षेत्र विकास बोर्ड के प्रबंधन मण्डल की बैठक हर साल आयोजित की जाएगी ताकि बोर्ड के विकास को लेकर समय समय पर निर्णय लिए जा सके। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड से बहुत से गांव जुड़े हुए हैं, इसलिए कुरुक्षेत्र को विकसित करने के लिए कार्य योजना तैयार की जाए।

अप्रैल माह में ऑस्ट्रेलिया में होगा अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार के सतत प्रयासों से गीता ज्ञान का उपदेश वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की वर्ष 2016 से लगातार पहल की जा रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष ऑस्ट्रेलिया में अप्रैल माह में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह का आयोजन किया जायेगा। उल्लेखनीय है इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह मॉरीशस, इंग्लैंड और कनाडा में भी बड़ी धूमधाम से मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *