Breaking
Mon. Jul 13th, 2026

राजस्थान में देर रात भीषण हादसा, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डंपर से टकराई, 5 युवकों की हो गई मौत

  • राजस्थान के बालोतरा में देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है, यहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डंपर से टकरा गई, इस हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई है और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं

बालोतरा : राजस्थान के बालोतरा जिले से दिल दहला देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, देर रात हुए एक भीषण हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, डंपर से टकरा गई। इस हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई है और 3 युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के दौरान 3 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं, 2 युवकों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में इलाज जारी है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरी घटना बालोतरा जिले के भांडियावास गांव के पास एनएच 125 पर हुई है। यहां देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार आगे चल रही डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कुल 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बता दें कि इससे पहले राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ में भी सड़क हादसा हुआ था। यहां स्कूली बच्चों से भरी बोलेरो भीषण टक्कर के बाद पलट गई थी। हादसे में 12 मासूम जख्मी हो गए हैं।

5 लोगों की मौत

जानकारी के अनुसार, हादसे में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन 108 एम्बुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद घायलों और मृतकों को निजी एम्बुलेंस की मदद से बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जोधपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दो घायलों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की हुई पहचान

इस हादसे में सभी मृतक बायतू के कानोड़ गांव के रहने वाले हैं। मृतकों की पहचान रेवांताराम (26) पुत्र गेनाराम जाट, स्वरूपाराम (27) पुत्र मेहराराम जाट, भरत (25) पुत्र बन्नाराम जाट, किशन (27) पुत्र शेराराम जाट व भावेश पुत्र कलाराम जाट के रूप में की गई है। सभी कानोड के निवासी बताए जा रहे हैं।वहीं, हादसे में घायल बाबू पुत्र अर्जुनराम, मुकेश पुत्र मेहराराम, हेमाराम पुत्र जीयाराम अस्पताल में भर्ती है, सभी का उपचार जारी है। हादसे के बाद अस्पताल में अफरातफरी का माहौल नजर आया। हादसे की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे और घायलों व मृतकों की जानकारी लेते नजर आए।

पुलिस ने जांच शुरू की

पुलिस ने इस पूरे हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो की टक्कर किसी अज्ञात वाहन से हुई थी, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर से जा भिड़ा। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *