दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन साउथ अफ्रीका के हाथों 0-2 से क्लीन स्वीप होने के बाद भारत ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) रैंकिंग में पाकिस्तान से नीचे पहुंच गया है। पाकिस्तान 50% पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि भारत 48.15% पॉइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गया।

साउथ अफ्रीका ने भारत को दूसरी पारी में 140 रन पर समेट दिया और 408 रन से जीत दर्ज की। यह भारत की टेस्ट में रन के अंतर से सबसे बड़ी हार रही। इस जीत के साथ अफ्रीकी टीम ने WTC पॉइंट्स टेबल के दूसरे नंबर पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। …

फाइनल में पहुंचने के लिए 9 टेस्ट में से 7 जीत जरूरी

भारत को इस WTC साइकल में 18 टेस्ट खेलने हैं। टीम 9 खेल चुकी हैं और अभी 9 टेस्ट मैच बाकी हैं। भारत के पास 48.15% परसेंटेज पॉइंट्स हैं।

पिछले WTC साइकल को देखें तो फाइनल में पहुंचने के लिए आमतौर पर 55%-65% के बीच का पॉइंट्स चाहिए होते हैं। इसका मतलब है कि भारत को बचे हुए 9 टेस्ट में कम से कम 6 या 7 जीत जरूरी होगी। कुछ मैच ड्रॉ खेलने से भी भारत को फायदा हो सकता है, लेकिन 3 से ज्यादा मैच हारने पर टीम बाहर हो जाएगी।

एक भी सीरीज हारने का जोखिम नहीं उठा सकता भारत

गणित के हिसाब से भारत फाइनल रेस में अभी भी बना हुआ है। लेकिन गुवाहाटी की हार ने भारत की राह बेहद कठिन कर दी है। अब एक और खराब सीरीज हुई, तो अंत में चाहे घरेलू मैदान पर प्रदर्शन कितना भी अच्छा हो। 2027 फाइनल का टिकट बचाना बहुत मुश्किल हो जाएगा।

भारत की अब WTC में 3 सीरीज बची हैं। साउथ अफ्रीका के बाद टीम 2027 में घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से 5 टेस्ट खेलेगी। वहीं न्यूजीलैंड और श्रीलंका में 2-2 टेस्ट की सीरीज होगी।

साउथ अफ्रीका चैंपियन, भारत 2 बार फाइनल हारा

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) को ICC ने 2019 में शुरू किया। इसमें 9 टीमों को 6 टीमों के खिलाफ 2 से 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी होती हैं। इनमें 3 अपने घर और 3 सीरीज विदेश में रहती हैं। सभी टीमों के मैच खत्म होने के बाद पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 पोजिशन पर रहने वाली टीमों के बीच फाइनल होता है।

भारत ने 2021 और 2023 में 2 बार फाइनल में जगह बनाई, लेकिन टीम न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खिताबी मुकाबला हार गई। साउथ अफ्रीका ने 2025 में फाइनल खेला और टीम ऑस्ट्रेलिया को हराकर चैंपियन भी बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *