दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : मौजूदा टी-20 वर्ल्ड चैंपियन भारत को दुनिया में 12वें नंबर की टीम आयरलैंड ने हरा दिया है। बेलफास्ट में शुक्रवार को हुए दो मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारत पर 34 रन से जीत हासिल की।
मार्च में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम इस फॉर्मेट में अपना पहला मैच खेल रही थी। यह आयरलैंड के खिलाफ भारत की अब तक की पहली हार भी है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 182 रन बनाए। लॉरकन टकर ने 50 रन की पारी खेली। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 148 रन ही बना सकी। ओपनर अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 20 बॉल पर 50 रन बनाए। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इस मैच में डेब्यू करने का मौका नहीं मिला।
दो ओवर में 46 रन लुटाए
भारत ने आयरलैंड की पारी के आखिरी पांच ओवरों में मैच पर पकड़ खो दी। 16वें ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर ने वॉशिंगटन सुंदर को गेंद थमाई। उन्होंने अपने इकलौते ओवर में 19 रन दे दिए। इसके बाद 17वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने 27 रन खर्च कर दिए। डेलानी ने उनके ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर लगातार तीन छक्के जड़ दिए। इन दोनों ओवरों में भारत ने 46 रन दिए, जिससे आयरलैंड का स्कोर 118/5 से 164/5 पहुंच गया।
खराब फील्डिंग, 3 कैच छोड़े
भारतीय फील्डरों ने तीन अहम कैच टपकाए। शिवम दुबे ने टिम टेक्टर का कैच छोड़ा, अभिषेक शर्मा ने गैरेथ डेलानी का आसान कैच गंवाया, जबकि वॉशिंगटन सुंदर लॉरकन टकर का कैच नहीं लपक सके। इन्हीं जीवनदान की मदद से टकर ने 50 और डेलानी ने 49 रन बनाए।
टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा
183 रन का पीछा करते हुए भारत ने 60 रन तक संजू सैमसन (5), ईशान किशन (1) और कप्तान श्रेयस अय्यर (3) के विकेट गंवा दिए। अभिषेक शर्मा ने 20 गेंद में 50 रन की तेज पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही टीम बिखर गई। 7 बल्लेबाज डबल डिजिट तक नहीं पहुंच सके और भारत 148 रन पर ऑलआउट हो गया।

ओपनर संजू सैमसन 5 रन बनाकर बोल्ड हो गए।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
आयरलैंड: टिम टेक्टर, रॉस एडायर, हैरी टेक्टर, लॉरकन टकर (विकेटकीपर/कप्तान), बेन कैलिट्ज, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, लियम मैकार्थी, मैथ्यू हम्फ्रीज, जय मूंदरा और मैथ्यू हॉलार्ड।
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।
भारत 148 रन पर ऑलआउट
आयरलैंड ने पहले टी-20 में बड़ा उलटफेर करते हुए भारत को 18.5 ओवर में 148 रन पर ऑलआउट कर दिया। मैथ्यू हम्फ्रीज ने अर्शदीप सिंह को आउट कर मैच खत्म किया। अर्शदीप 4 गेंदों में 2 रन बनाए। उनका कैच टिम टेक्टर ने लपका। इससे पहले इसी ओवर में हम्फ्रीज ने हर्षित राणा को भी आउट किया था। सीरीज का अगला मुकाबला 28 जून को बेलफास्ट में खेला जाएगा।

