- सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद की घटना ने समाज को झकझोर दिया है, यदि कोई अपने बच्चों को सही दिशा नहीं दे पा रहा है तो यह उसकी जिम्मेदारी में बड़ी चूक है
बिजनौर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिजनौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गाजियाबाद के सूर्या चौहान हत्याकांड का जिक्र करते हुए कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दोस्ती के नाम पर हिंसा और छुरेबाजी जैसी घटनाएं किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं हैं।
गाजियाबाद की घटना ने झकझोर दिया
सीएम योगी ने कहा कि गाजियाबाद की यह घटना बेहद दुखद है और इसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने अभिभावकों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए कहा कि यदि माता-पिता अपने बच्चों को सही संस्कार और दिशा देने में असफल रहते हैं, तो यह गंभीर चिंता का विषय है।
सख्त कार्रवाई जारी रहेगी
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हमेशा कानून का सम्मान करने वाले आम नागरिकों के साथ खड़ी है। वहीं, कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले और समाज में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसी आपराधिक घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बिजनौर दौरे पर सीएम योगी
बता दें कि सीएम योगी सोमवार को बिजनौर जनपद में अफजलगढ़ क्षेत्र के आलमपुर गांवड़ी गांव पहुंचे। दोपहर करीब 1:55 बजे उनका हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर उतरा, जहां बढ़ापुर विधायक कुंवर सुशांत सिंह समेत भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल के निकट लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विदुर ब्रांड उत्पादों, कृषि एवं उद्यानिकी प्रदर्शनी, ऊर्जा विकास से जुड़े स्टॉलों तथा पुलिस विभाग की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रेरणा कैफे का उद्घाटन भी किया।
सूर्या पर चाकू से किया था हमला
बता दें कि ईद के दिन गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में सूर्या नाम के युवक को चाकू से हमला करके घायल कर दिया गया था। इसके बाद सूर्या की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

