गोरखपुर : गोरखपुर में चाइनीज मांझे से 35 साल के युवक की गर्दन कट गई। उसकी सड़क पर तड़प-तड़पकर मौत हो गई। शनिवार दोपहर 1 बजे वह स्कूटी (मोपेड) से दुकान पर जा रहा था, तभी गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया। उसने ब्रेक मारा, लेकिन तब तक गर्दन आधी कट चुकी थी।
युवक स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा। गर्दन से तेजी से खून निकलने लगा। यह देखकर राहगीरों ने उसे उठाया। आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने रमेश कन्नौजिया को मृत घोषित कर दिया।
घटना शहर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पत्नी रोते हुए जिला अस्पताल पहुंची। पति का चेहरा देखने की जिद करने लगी। पहले तो पुलिसवालों ने मना किया, लेकिन बाद में चेहरा दिखाया।
मामले में SP ने चौकी प्रभारी को सस्पेंड कर दिया है। बता दें कि यूपी में पिछले 10 साल से चाइनीज मांझा बैन है, लेकिन फिर भी बिक रहा है। इसी साल फरवरी में सरकार ने कहा था- अगर किसी व्यक्ति की मौत चाइनीज मांझे से होती है, तो इसे हादसा नहीं माना जाएगा, बल्कि हत्या की FIR दर्ज की जाएगी।
…

जिला अस्पताल में पत्नी पति का चेहरा देखने की जिद करने लगी। पहले पुलिसकर्मियों ने मना किया, लेकिन बाद में चेहरा दिखा दिया।

इसी स्कूटी से युवक दुकान जा रहा था। सड़क पर खून के छींटे दिख रहे हैं।
घर में इकलौता कमाने वाला था युवक
रमेश कन्नौजिया घर में इकलौते कमाने वाले थे। वह कॉस्मेटिक की दुकान पर काम करता था। उसे 10 से 12 हजार रुपए महीने मिलते थे। परिवार में पत्नी पुन्ना, 9 साल की बेटी अपर्णा, 5 साल का बेटा आर्यन और बुजुर्ग पिता फकीरे हैं। पिता की देखभाल की जिम्मेदारी भी रमेश पर थी।
पिता फकीरे ने बताया कि रमेश स्कूटी से दुकान पर निकला था। आधे घंटे बाद एक व्यक्ति आया और हादसे की जानकारी दी। इसके बाद हम लोग अस्पताल पहुंचे, तब तक बेटे की मौत हो चुकी थी।
डॉक्टर बोले- अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी
जिला अस्पताल के डॉ. आरडी रमन ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल व्यक्ति की मौत हो गई थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इसके बाद ही पता चल पाएगा कि गर्दन कितनी कटी थी या गिरने की वजह से सिर में चोट लगने से मौत हुई थी।
लोग बोले- बैन होने के बावजूद बिक रहा चाइनीज मांझा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिबंध के बावजूद 10 दुकानों पर चोरी-छिपे चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि रमेश के परिवार का खर्च और बच्चों की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? प्रशासन को मांझे की बिक्री पर सख्ती करनी चाहिए।
एसपी सिटी बोले- मांझा बेचते मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया- मामले में FIR दर्ज की गई है। डोमिनगढ़ चौकी इंचार्ज आलोक सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल रोकने के लिए अगले 48 घंटे तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मांझा बेचते मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटनाएं…
- 16 अगस्त 2026: गाजियाबाद में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के कारण 25 साल के रविराज की मौत हो गई।
- 4 फरवरी 2026: लखनऊ में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के कारण एमआर शोएब की मौत हो गई थी।
- 14 जनवरी 2026: जौनपुर में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने के कारण डॉक्टर समीर की मौत हो गई थी।
- 23 अक्टूबर 2025: शाहजहांपुर में रवि शर्मा (26) पत्नी के साथ ससुराल जा रहे थे। चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया। अस्पताल में मौत हो गई थी।
- 30 सितंबर 2025: अलीगढ़ में 28 साल के सलमान स्कूटर से दुकान जा रहे थे। चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया, जिससे गहरा कट लगा। अस्पताल ले जाने पर उनकी मौत हो गई।
- 11 जनवरी 2025: शाहजहांपुर में ड्यूटी पर जा रहे कांस्टेबल शाहरुख हसन चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। उनकी गर्दन पर गहरा कट लगा। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

