Breaking
Wed. Nov 25th, 2026

सरयू-कमला एक्सप्रेस में मिलेगा केवल कंफर्म टिकट, अयोध्या से जनकपुर जाने के लिए फॉलो करने होंगे खास नियम

  • सरयू-कमला एक्सप्रेस (Ayodhya Nepal Train) में अयोध्या और जनकपुर के बीच यात्रा के लिए रेलवे ने विशेष नियम बनाए हैं

 समस्तीपुर : अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस (Saryu Kamla express) में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने टिकट बुकिंग और यात्रा से जुड़े विशेष नियम निर्धारित किए हैं।

इस ट्रेन में केवल भारत और नेपाल के नागरिक ही वैध पहचान पत्र के आधार पर यात्रा कर सकेंगे। ट्रेन पूरी तरह आरक्षित होगी। इसमें केवल कंफर्म टिकट जारी किए जाएंगे।

यात्रियों को तत्काल, प्रीमियम तत्काल और आरएसी की सुविधा नहीं मिलेगी। अधिकतम 60 दिन पहले टिकट का अग्रिम आरक्षण कराया जा सकेगा।

Ayodhya Nepal Train news

रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15596/15595 अयोध्या धाम-जनकपुर धाम-अयोध्या धाम सरयू-कमला एक्सप्रेस में भारत की ओर से ऑनलाइन और देशभर के किसी भी यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटर से टिकट बुक कराया जा सकेगा।

काउंटर से टिकट लेते समय पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। वहीं, नेपाल के यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट, मोबाइल एप और अधिकृत टिकट एजेंटों के माध्यम से आरक्षण करा सकेंगे।

तत्काल, आरएसी और वरिष्ठ नागरिक कोटा नहीं:

इस ट्रेन में सामान्य कोटे के तहत ही टिकट बुकिंग की सुविधा होगी। कुल आरक्षित सीटों में 70 प्रतिशत सीटें एंड टू एंड कोटा और 30 प्रतिशत सीटें रोड साइड कोटा के लिए निर्धारित रहेंगी।

तत्काल, प्रीमियम तत्काल, वरिष्ठ नागरिक, महिला और आपातकालीन कोटे की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। आरएसी की व्यवस्था भी नहीं रहेगी। यानी यात्रा के लिए यात्रियों के पास कंफर्म टिकट होना अनिवार्य होगा।

समस्तीपुर मंडल के चार स्टेशनों पर ठहराव:

अयोध्या धाम से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली यह ट्रेन करीब 600 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल को जोड़ने वाली इस ट्रेन का बिहार में नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन पर ठहराव होगा।

समस्तीपुर रेल मंडल के यात्रियों के लिए सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन से यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच धार्मिक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

श्रेणी के अनुसार सामान ले जाने की सीमा तय:

रेलवे ने यात्रियों के सामान ले जाने की सीमा भी निर्धारित की है। प्रत्येक यात्री अधिकतम दो सामान ले जा सकेगा।

प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में 70 किलोग्राम, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी में 50 किलोग्राम तथा तृतीय वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी में 40-40 किलोग्राम सामान निशुल्क ले जाने की अनुमति होगी।

निर्धारित सीमा से अधिक सामान पर रेलवे के नियमानुसार अतिरिक्त शुल्क देना होगा। इस ट्रेन में पार्सल और माल की बुकिंग नहीं होगी।

पहचान पत्र और बच्चों के टिकट के नियम भी निर्धारित:

सीपआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि आरक्षण के दौरान यात्रियों का पहचान पत्र और राष्ट्रीयता संबंधी विवरण दर्ज किया जाएगा। बच्चों के लिए टिकट और किराये के नियम भारतीय रेल की मौजूदा एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं के अनुरूप होंगे। बच्चे के लिए अलग बर्थ लेने पर वयस्क किराया देना होगा।

वहीं, बर्थ नहीं लेने पर निर्धारित बाल किराया लागू होगा। ट्रेन का मूल किराया संबंधित श्रेणी की एक्सप्रेस ट्रेनों के अनुरूप होगा। इसके अतिरिक्त आरक्षण शुल्क, लागू सरचार्ज और जीएसटी देना होगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *